बसवन्ना 12वीं सदी के संत, कवि, दार्शनिक और समाज सुधारक थे। उन्हें बसवेश्वर और जगज्योति बसवन्ना के नाम से भी जाना जाता है। उनके विचारों और शिक्षाओं को लेकर कर्नाटक में एक किताब पर विवाद खड़ा हो गया है। अमेरिका में रहने वाले कन्नड़ लेखक रवि हंज की किताब 'बसव मंटप' में बसवन्ना को लेकर की गई कथित टिप्पणियों पर वीरशैव-लिंगायत समुदाय के लोगों ने आपत्ति जताई है।
इस मामले में लेखक और किताब के प्रकाशक एवं पत्रकार विश्वेश्वर भट के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। कर्नाटक सरकार ने किताब की प्रतियां जब्त करने और दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का फैसला लिया है। राज्य के मंत्री ईश्वर खंड्रे ने भी कहा है कि बसवन्ना के आदर्शों को अपनाने की जरूरत है और सरकार किताब को जब्त करने की कार्रवाई करेगी।
रवि हंज कर्नाटक के रहने वाले हैं और फिलहाल अमेरिका के शिकागो में रहते हैं। वह कन्नड़ अखबार 'विश्ववाणी' में 'बसव मंटप' नाम से कॉलम लिखते थे। बाद में उन्होंने अपने इन कॉलम को संकलित कर इसी नाम से एक किताब प्रकाशित की। यह किताब 15 नवंबर को बेंगलुरु में रिलीज हुई थी।
किताब में बसवन्ना और लिंगायत समुदाय को लेकर लिखी गई कुछ बातों पर विवाद शुरू हुआ। रवि हंज पर बसव समिति के अध्यक्ष अरविंद जट्टी ने बसवन्ना के विचारों की गलत व्याख्या का आरोप लगाया। हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद रवि हंज ने माफी मांगी और किताब में सुधार करने की पेशकश भी की है।
किस व्याख्या पर मचा विवाद
बसवन्ना की एक प्रसिद्ध सीख है। कन्नड़ भाषा में इसे 'कलाबेडा, कोलबेडा, हुड़ियालु बेडा' कहते हैं। इसका अर्थ है चोरी मत करो, हत्या मत करो और झूठ मत बोलो का जिक्र करते हुए उन्हें चोर और हत्यारा बता दिया। शिकायत में लिंगायत शब्द और समुदाय के सम्मानित व्यक्तित्वों को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया है।
ईश्वर खंड्रे ने क्या कहा?
कर्नाटक के वन, पर्यावरण एवं पारिस्थितिकी मंत्री ईश्वर खंड्रे ने इस विवाद पर कहा, 'बसवन्ना महान मानवतावादी थे, जिन्होंने समानता के लिए संघर्ष किया। शरणों ने ही लोकतंत्र की अवधारणा को आगे बढ़ाया था। आज भी बसवन्ना के आदर्शों को अपनाने की जरूरत है। विवादित किताब को जब्त करने के लिए कैबिनेट की बैठक में दबाव बनाया जाएगा। राज्य सरकार किताब को जब्त करने की कार्रवाई करेगी। रवि हंज के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।'
यह भी पढ़ें: SD Pay ऐप से 1,211 करोड़ की ठगी, सुरजेवाला ने मोदी सरकार को घेरा
लेखक और प्रकाशक के खिलाफ FIR
बेंगलुरु के हाई ग्राउंड्स पुलिस स्टेशन में रवि हंज और किताब के प्रकाशक विश्वेश्वर भट के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की उन धाराओं के तहत केस दर्ज किया है, जो दंगा भड़काने, अलग-अलग समूहों के बीच दुश्मनी बढ़ाने, धार्मिक भावनाएं आहत करने और सार्वजनिक शांति भंग करने से जुड़े बयान देने से संबंधित हैं।
यह भी पढ़ें: PM मोदी ने SCO के सभ्यतागत फोरम का उद्घाटन किया, जानिए भारत के लिए क्यों है खास?
किताब जब्त करने का फैसला लिया
इस विवाद पर कांग्रेस और बीजेपी, दोनों दलों के नेताओं ने नाराजगी जताई है। कांग्रेस के कई मंत्रियों और बीजेपी नेताओं ने लेखक और प्रकाशक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने भी किताब को जब्त करने की मांग की थी। इसके बाद गुरुवार को कर्नाटक कैबिनेट ने 'बसव मंटप' की प्रतियां जब्त करने और लेखक व प्रकाशक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने का फैसला लिया।
उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वर ने कैबिनेट बैठक के बाद स्पष्ट किया कि फिलहाल किताब को जब्त करने का निर्णय हुआ है, उस पर तत्काल प्रतिबंध लगाने का नहीं। सरकार कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई करेगी। कैबिनेट ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से रवि हंज की कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों वाले वीडियो हटाने का अनुरोध करने का भी फैसला लिया है।