logo

मूड

ट्रेंडिंग:

जब आसमान में हाईटेंशन तारों के बीच फंस गया रूसी पैराग्लाइडर पायलट

हिमाचल प्रदेश के मंडी में रूसी पैराग्लाइडर पायलट 100 मीटर ऊंचाई पर हाईटेंशन तारों में फंस गया। पायलट को बचने के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।

हाईटेंशन तारों के बीच फंसा पैरा ग्लाइडर पायलट, Photo Credit-Khabargaon

हाईटेंशन तारों के बीच फंसा पैरा ग्लाइडर पायलट, Photo Credit-Khabargaon

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब आसमान में उड़ान भर रहा एक पैराग्लाइडर टांडू के पास हाईटेंशन बिजली की तारों में जाकर फंस गया। जमीन से करीब 100 मीटर की ऊंचाई पर बिजली की तारों के बीच लटके पैराग्लाइडर में रूस का पायलट एलेक्सी सवार है। घटना के बाद से पायलट की जान बचाने के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मौके पर एसडीआरएफ समेत प्रशासन की कई टीमें तैनात हैं।

 

जानकारी के अनुसार, रूसी पैराग्लाइडर पायलट एलेक्सी ने मंगलवार को जिला कांगड़ा की विश्व प्रसिद्ध बीड़-बिलिंग पैराग्लाइडिंग साइट से उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान वह मंडी जिले के टांडू क्षेत्र के ऊपर पहुंचा, जहां अचानक उसका पैराग्लाइडर हाईटेंशन बिजली की तारों में उलझ गया। देखते ही देखते पैराग्लाइडर हवा में ही तारों के बीच अटक गया। जमीन से इतनी अधिक ऊंचाई पर पायलट के फंसने की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में मेडिकल छात्रों को मिलेगा ज्यादा स्टाइपेंड? CM सुक्खू ने दिया भरोसा

मोबाइल से भेजी तस्वीरें और लोकेशन

घटना के बाद पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए अपने मोबाइल फोन से घटनास्थल की तस्वीरें और अपनी लोकेशन साझा की। उसने इस संबंध में बीड़-बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन को भी जानकारी दी। इसके बाद एसोसिएशन की ओर से जिला प्रशासन को सूचित किया गया और पायलट को सुरक्षित निकालने के प्रयास शुरू किए गए।

 

करीब 100 मीटर की ऊंचाई पर बिजली की हाईटेंशन तारों में फंसे पायलट को सुरक्षित नीचे उतारना बचाव दल के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण है। सबसे बड़ी चिंता बिजली की तारों में प्रवाहित करंट और पायलट की सुरक्षा को लेकर है। जरा सी चूक भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। 

 

पायलट को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए जमीन पर जाल और गद्दों की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा उसे तारों से सुरक्षित निकालने और नीचे लाने के लिए मशीनों की मदद भी ली जा रही है। एसडीआरएफ के साथ प्रशासन की कई टीमें मौके पर रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई हैं।

 

यह भी पढ़ें: बेटी के आंसुओं का असर: मीलों दूर तैनात मां का 24 घंटे में घर के पास तबादला

डीसी अपूर्व देवगन ने खबरगांव को दी जानकारी

मंडी की जिलाधीश अपूर्व देवगन ने खबरगांव से बातचीत में बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे टांडू क्षेत्र में यह घटना सामने आई। सूचना मिलते ही प्रशासन ने पायलट को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू प्रयास शुरू कर दिए। एसडीआरएफ सहित विभिन्न टीमें मौके पर तैनात हैं और पायलट को सुरक्षित रेस्क्यू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

बीड़-बिलिंग की पहाड़ियों से उड़ान भरने वाले इस विदेशी पैराग्लाइडर पायलट के लिए मंगलवार की उड़ान अचानक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष में बदल गई। फिलहाल सभी की निगाहें रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हैं। प्रशासन और बचाव दल की प्राथमिकता पायलट को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित जमीन पर उतारना है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। पायलट की सुरक्षित निकासी और घटना के अन्य पहलुओं को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।


और पढ़ें