मध्य प्रदेश की पुलिस अधिकारी नेहा पच्चीसिया का करियर कभी प्रेरणादायक माना जाता था। एयर इंडिया की केबिन क्रू के तौर पर करियर शुरू करने के बाद उन्होंने MPPSC की परीक्षा पास की और पुलिस सेवा में शामिल हुईं। DSP बनने के बाद वह कटनी में सिटी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (CSP) के पद तक पहुंचीं। अब करीब एक दशक बाद वह जीन विवाद और वसूली से जुड़े मामले में जांच के घेरे में हैं।
आरोप है कि एक हत्या के आरोपी के परिवार पर दबाव डालकर करीब 83 लीख रुपये की जमीन 18.20 लाख रुपये में बिकवाने में उनकी भूमिका रही। FIR दर्ज होने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उन्हें तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए। निलंबन के दौरान उन्हें भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय से अटैच किया गया है।
यह भी पढ़ें: 'बिहार में गंभीर आर्थिक संकट, खजाना खाली', तेजस्वी ने बिहार सरकार पर उठाए सवाल
कौन हैं नेहा पच्चीसिया?
नेहा पच्चीसिया मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की पचोर तहसील की रहने वाली हैं। 12वीं के बाद उन्होंने एविएशन में डिप्लोमा किया और फिर एयर इंडिया में एयर होस्टेस के तौर पर काम किया। इसके बाद उन्होंने कुछ मल्टीनेशनल कंपनियों में भी नौकरी की। कुछ समय बाद नेहा ने राज्य प्रशासनिक सेवा में जाने का मन बनाया। उन्होंने 2012 से 2015 तक MPPSC की तैयारी की। MPPSC-2012 की परीक्षा में उन्होंने पूरे मध्य प्रदेश में 20वीं रैंक हासिल की। हालांकि, इस परीक्षा का फाइनल रिजल्ट 2016 में आया था। पुलिस विभाग में जाने से पहले उन्होंने कुछ समय महिला एवं बाल विकास विभाग में भी काम किया।
नेहा को शिवराज सिंह चौहान ने किया था सम्मानित
DSP बनने के बाद नेहा की पहली फील्ड पोस्टिंग गुना में CSP यानी नगर पुलिस अधीक्षक के तौर पर हुई। वहां उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला मोबाइल पुलिस स्टेशन शुरू किया। उनकी इस पहल की काफी तारीफ हुई। इसी दौरान लोग उन्हें लेडी सिंघम के नाम से भी बुलाने लगे। कोरोना के समय भी नेहा ने अपनी जिम्मेदारी अच्छी तरह निभाई। उनके काम से प्रभावित होकर तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें सम्मानित भी किया था। हालांकि, गुना में उनकी पोस्टिंग विवादों से भी जुड़ी रही। फरवरी 2021 में उनका गुना से ट्रांसफर कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: गड्ढों में तब्दील मुंबई की सड़कें, 2 महीने में 8000 से अधिक शिकायतें मिलीं
इसके बाद उनके नाम से एक फेसबुक पोस्ट सामने आई, जिसमें उस समय के ग्वालियर रेंज IG अविनाश शर्मा को उनके ट्रांसफर के लिए जिम्मेदार बताया गया था। नेहा ने बाद में इसे अपने खिलाफ रची गई साजिश बताया। उनका आरोप था कि गुना के कुछ TI उनके खिलाफ गलत फीडबैक देकर शिकायतें कर रहे थे। मामला इतना बढ़ गया था कि उन्होंने नौकरी छोड़कर इस लड़ाई को लड़ने तक की बात कही थी। इसके बाद नेहा की पोस्टिंग भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय यानी PHQ और फिर खंडवा में हुई। मई 2025 में उन्हें कटनी का नया CSP बनाया गया।