logo

मूड

ट्रेंडिंग:

पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा को ED ने क्यों किया गिरफ्तार, उन पर क्या आरोप?

पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़े ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय ने शनिवार को छापेमारी की। घंटों की तलाशी के बाद मंत्री को गिरफ्तार कर लिया गया है। अब उन्हें नई दिल्ली लाया जाएगा।

Minister Sanjeev Arora

मंत्री संजीव अरोड़ा। (Photo Credit: X/@SanjeevArora_PB)

शेयर करें

google_follow_us

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शनिवार को पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार किया है। उन पर मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप है। गिरफ्तार से पहले ईडी की टीमों ने चंडीगढ़ स्थित मंत्री के आवास समेत पांच अन्य ठिकानों पर दबिश दी। इससे पहले ईडी 17 अप्रैल को विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत संजीव अरोड़ा और उनसे जुड़ी संस्थाओं के ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है। मगर ताजा छापेमारी मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत आपराधिक धाराओं में नया केस दर्ज करने के बाद हुई।

 

शनिवार को ईडी की टीम ने दिल्ली में दो स्थानों और गुरुग्राम स्थित 'हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड' कंपनी पर छापेमारी की। केंद्रीय एजेंसियों के अधिकारियों का आरोप है कि मंत्री संजीव अरोड़ा जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं। उन्हें हिरासत में दिल्ली लाया जाएगा।

 

यह भी पढ़ें: अनिल अंबानी की कंपनियों से जुड़े 17 ठिकानों पर CBI की रेड, क्या है पूरा मामला?

क्यों हुई मंत्री की गिरफ्तारी?

ईडी की टीम ने मंत्री संजीव अरोड़ा को पीएमएलए के तहत दर्ज केस में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि 100 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मोबाइल फोन की फर्जी जीएसटी खरीद हुई। इसके बाद दुबई से भारत में कथित तौर पर अवैध धन को घुमा फिराकर लाया गया। दिल्ली में उन फर्मों से फर्जी जीएसटी खरीद चालान हासिल किया गया, जिनका असल में कोई वजूद ही नहीं था। बाद में इन्हीं चालान का इस्तेमाल इनपुट टैक्स क्रेडिट में गलत दावा करने में किया गया।

 

 

 

पहले भी हो चुका एक्शन

बता दें कि ईडी 19 अप्रैल को 'हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड' और उसके निदेशक संजीव अरोड़ा व उनसे जुड़ी संस्थाओं की चल और अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क कर चुकी है। कंपनी पर 157.12 करोड़ रुपये की फर्जी बिक्री और निर्यात के माध्यम से फेमा नियमों के उल्लंघन का आरोप है।

 

 

 

 

यह भी पढ़ें: 'रेन-रेन गो अवे' हमारी संस्कृति नहीं', UP के शिक्षा मंत्री का दावा, ट्रोल हुए

 

मंत्री संजीव अरोड़ा के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का एक अन्य मामला भी दर्ज है। इस मामले में उन पर औद्योगिक जमीन का गलत इस्तेमाल करके आवासीय इमारतें बनाने का आरोप है। 2024 में ईडी ने छापेमारी भी की थी। तब वह राज्यसभा सांसद थे। 

ED के एक्शन पर AAP ने क्या कहा?

आम आदमी पार्टी ने ईडी की छापेमारी की कड़ी आलोचना की और बीजेपी पर हथियार के तौर पर एजेंसी के इस्तेमाल का आरोप लगाया। सीएम भगवंत मान ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, 'बीजेपी और ईडी के अनैतिक गठबंधन का अंत पंजाब से शुरू होगा।' बता दें कि संजीव अरोड़ा लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट से विधायक हैं। इससे पहले वह राज्यसभा सांसद थे।

 

कुछ समय पहले ईडी ने राज्यसभा सांसद और लवली ग्रुप के प्रमोटर अशोक कुमार मित्तल के ठिकानों पर भी छापेमारी की थी। हालांकि बाद में राघव चड्ढा और संदीप पाठक के साथ अशोक कुमार मित्तल ने बीजेपी ज्वाइन कर ली थी।

Related Topic:#Punjab News#AAP

और पढ़ें