पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान ने पुलिस पर डराने और आंखों में पट्टी बांधकर पुलिस वाहन में बैठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुझे डर था कि कहीं ले जाकर मुठभेड़ में मार डालेंगे। बुधवार को ही कांग्रेस प्रत्याशी को अंतरिम जमानत पर रिहा किया गया। गुरुवार को उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार किया।
मिलन प्रधान के बयान के बाद टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने मेदिनीपुर एसपी पर निशाना साधा और कहा कि सब याद रखा जाएगा। अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर महुआ ने लिखा, 'हेलो मेदिनीपुर एसपी क्या आप दलाल हैं या आईपीएस? क्या आपको जरा भी शर्म नहीं है, दलाल? आपकी हिम्मत कैसे हुई कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान को डराने-धमकाने की? हम आप सभी पर नजर रख रहे हैं। सब याद रखा जाएगा।'
यह भी पढ़ें: बिहार में टीबी खत्म करने का बड़ा अभियान, गांव-गांव होगी जांच, मुफ्त मिलेगा इलाज
'उम्मीदवारी वापस लेने का बनाया दबाव'
मिलन प्रधान ने आरोप लगाया, 'मुझे सबसे पहले एक होटल ले जाया गया। जहां वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एक कमरे में इंतजार कर रहे थे। मुझसे कहा गया कि अगर मैं उपचुनाव के लिए अपनी उम्मीदवारी वापस ले लेता हूं तो न केवल मेरे खिलाफ मामले रद्द कर दिए जाएंगे, बल्कि मुझे रिहा कर दिया जाएगा। मुझे वह सब मिलेगा, जो मैं मांग सकता हूं।'
18 सितंबर को पुलिस ने किया था गिरफ्तार
नंदीग्राम उपचुनाव में टीएमसी ने कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान का समर्थन किया है। हालांकि 18 सितंबर को टीएमसी के समर्थन मिलने के कुछ समय बाद ही पुलिस ने मिलन प्रधान को चांदीपुर स्थित एक होटल से गिरफ्तार कर लिया था। कलकत्ता हाई कोर्ट ने मंगलवार को अंतरिम जमानत दी। बुधवार को जेल से रिहा होने के बाद मिलन ने कार से रोड शो भी किया। प्रधान 20 अक्टूबर तक अंतरिम जमानत पर रहेंगे।
यह भी पढ़ें: '9/11 होने से बचा लिया', कैप्टन स्मित माछर की दिलेरी पर क्या बोले PM मोदी?
लेखक और सामाजिक कार्यकर्ता हिरासत में
मिलन प्रधान ने बुधवार को ही नंदीग्राम बस स्टैंड के आसपास चुनाव प्रचार किया और कहा कि मुख्य लड़ाई कांग्रेस और बीजेपी के बीच है। इस बीच पुलिस ने लेखक और सामाजिक कार्यकर्ता सुकृति रंजन बिस्वास और माणिक फकीर को उस वक्त गिरफ्तार किया, जब वह मिलन प्रधान के समर्थन में बुधवार को चुनाव प्रचार करने जा रहे थे। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पुलिस उनके कार्यकर्ताओं को नंदीग्राम तक पहुंचने नहीं दे रही है।