महाराष्ट्र के पुणे से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां एक 33 साल महिला की महिला ने एक ऊंची इमारत से छलांग लगा दी। हैरानी की बात यह है कि महिला ने अकेले छलांग नहीं लगाई बल्कि उसकी गोद में उसका 6 साल का मासूम बेटा भी था। यह घटना पिंपरी-चिंचवड़ के थेरगांव-वाकड इलाके में स्थित सिग्नेचर पार्क सोसाइटी की है। इस हादसे में मां और बेटे दोनों की मौत हो गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मृतकों की पहचान 33 साल की एकता भांगड़े और उनके 6 साल के बेटे माधव भांगड़े के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का सामने आया है। इस घटना के बाद पूरी सोसाइटी में शोक का माहौल बन गया है। पुलिस मौके पर मौजूद है और जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: 'मुसलमान होने की सजा है', जेल से बाहर आते ही आजम खान को ED ने हिरासत में लिया
पति के साथ रहती थी
जानकारी के अनुसार, एकता पिछले करीब दो साल से अपने पति मनोज भांगड़े और बेटे माधव के साथ इसी सोसाइटी में रह रही थीं। उनका परिवार मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला था। परिवार सोसाइटी की सातवीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में रहता था। एकता के पति मनोज पुणे के येरवडा इलाके में एक आईटी कंपनी में काम करते हैं। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे मनोज रोजाना की तरह अपने काम पर चले गए थे। उस समय घर पर एकता और उनका बेटा माधव मौजूद थे। इसके बाद शाम करीब 6:30 बजे यह दुखद घटना हुई।
जांच में जुटी पुलिस
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम सोसाइटी के लोगों ने इमारत के डक्ट वाले हिस्से की तरफ से तेज आवाज सुनी। आवाज सुनकर कई लोग नीचे पहुंचे, जहां एकता और माधव गंभीर हालत में मिले। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही वाकड पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: 'हम इंसान नहीं जानवर हैं', जेल से रिहा होने पर भड़के आजम खान के बेटे अब्दुल्ला
18वीं मंजिल से लगाई छलांग
पुलिस ने सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। शुरुआती जांच में सामने आया कि घटना से पहले एकता अपने बेटे माधव को लिफ्ट के जरिए इमारत की 18वीं मंजिल पर लेकर गई थीं। सीसीटीवी फुटेज में दोनों की गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का भी निरीक्षण किया। जांच के दौरान 18वीं मंजिल की गैलरी की रेलिंग के पास महिला और बच्चे के जूते-चप्पल भी मिले। पुलिस इन सभी सबूतों के आधार पर घटनाक्रम को समझने की कोशिश कर रही है।