संजय सिंह, पटना। इंटरनेट मीडिया पर रातों-रात मशहूर होने की चाह एक युवक को भारी पड़ गई। भोजपुर जिले के तरारी थाना क्षेत्र में पुलिस की गाड़ी में बैठकर भोजपुरी गाने पर रील बनाना युवक को महंगा पड़ गया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान अकरौज गांव निवासी रूपक सिंह उर्फ शशि कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, युवक पहले से ही वर्ष 2025 के एक गंभीर मामले में नामजद रहा है। उस मामले में उस पर पुलिस पर पथराव करने का आरोप है। फिलहाल वह अभी जमानत पर था।
यह भी पढ़ें: BJD ने अपने छह विधायकों को किया सस्पेंड, इन पर क्या आरोप लगे?
ऐसे बना 'रील', ऐसे पहुंचा जेल
जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले तरारी पुलिस एक मामले में गिरफ्तार आरोपितों को स्वास्थ्य जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गई थी। इस दौरान पुलिस वाहन अस्पताल गेट पर खड़ा कर पुलिसकर्मी अंदर चले गए। मौके का फायदा उठाकर युवक गाड़ी में घुस गया। युवक ने पुलिस की टोपी पहनकर खुद को पुलिसकर्मी जैसा दिखाया और भोजपुरी गाने “हमरे बाद शासन प्रशासन रोकवा लेम” पर वीडियो बना डाला। इसके बाद उसने वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।
व्हाट्सएप से खुली पोल
वायरल वीडियो पुलिस के व्हाट्सएप ग्रुप तक भी पहुंच गया। इसके बाद युवक की पहचान की गई और ग्रामीणों व स्थानीय चौकीदारों की मदद से उसे अकरींज पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
यह भी पढ़ें: ट्रंप ने दिया युद्ध खत्म करने का इशारा, ईरान बोला- दुश्मन हार गया है
पुलिस का सख्त संदेश
थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने साफ कहा कि सरकारी वाहन का दुरुपयोग, बिना अनुमति पुलिस वाहन में प्रवेश और पुलिस की वर्दी या टोपी पहनकर वीडियो बनाना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने इस घटना को उदाहरण बताते हुए चेतावनी दी है कि इंटरनेट मीडिया पर गलत तरीके से प्रसिद्धि पाने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।