जब किसी को घर बेचना होता है तो वह रियल एस्टेट एजेंट का सहारा लेता है। इसमें एजेंट का भारी कमीशन भी होता है। कई बार मनचाही रकम मिल जाती है तो कई बार कम कीमत से समझौता भी करना पड़ता है। मगर अमेरिका में एक शख्स ने अजब तरीका निकाला। उसने चैटजीपीटी की मदद से अपना घर करीब आठ करोड़ 30 लाख रुपये में बेचा। चैटजीपीटी की मदद से पूरा सौदा पांच दिन में फाइनल हो गया।
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक एआई की मदद से घर बेचने वाले शख्स का नाम रॉबर्ट लेविन है। उन्होंने घर की कीमत तय करने, मार्केटिंग और कागजी कामकाज में चैटजीपीटी का इस्तेमाल किया। एआई टूल ने उन्हें घर में कुछ सुधार करने की सिफारिश की। इसकी वजह से उनके घर की कीमत और बढ़ गई। मामूली सुधार करने का नतीजा यह हुआ कि लेविन को उम्मीद से अधिक पैसा मिला।
यह भी पढ़ें: कुर्दिस्तान के राष्ट्रपति आवास पर ड्रोन से हमला, क्या ईरान ने बनाया निशाना?
चैटजीपीटी ने तय की घर की कीमत
लेविन फ्लोरिडा के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि वह देखना चाहते थे कि क्या एआई घर बेचने में मदद कर सकता है। इसके बाद उन्होंने चैटजीपीटी से अपने घर के बारे में सलाह ली। एआई टूल ने घर की कीमत तय करने में सहायता दी। इसकी मदद से मार्केटिंग सामग्री तैयार की गई। यह भी बताया कि घर की लिस्टिंग किस वक्त करना सही होगा। नतीजा यह हुआ कि लिस्टिंग के तीन दिनों के भीतर ही लेविन को पांच ग्राहक मिल गए और हफ्ते में घर बिक भी गया।
यह भी पढ़ें: धुरंधर को प्रोपेगेंडा बताना अनीत की बहन को पड़ा भारी, डिलीट किया इंस्टा अकाउंट
कमरे में नए पेंट से बढ़ गई कीमत
अपनी सलाह के दौरान चैटजीपीटी ने बताया कि घर के कुछ हिस्सों को दोबारा रंगवाने से इसकी कीमत बढ़ जाएगी। इसके बाद लेविन ने घर के कुछ कमरों की दोबारा पेंटिंग करवाई। इन्हीं सभी सलाह का परिणाम यह हुआ कि लेविन का घर 954,800 डॉलर में बिका। रियल एस्टेट एजेंट ने इससे एक लाख डॉलर कम कीमत आंकी थी। लेविन का कहना है कि एआई के इस्तेमाल की वजह से उन्हें एजेंट को जाने वाला कमीशन बचाने में भी मदद मिली।