केदारनाथ धाम की यात्रा करना हर शिव भक्त का सपना होता है लेकिन 16 किलोमीटर की कठिन पैदल चढ़ाई हर किसी के लिए आसान नहीं होती। खासकर बुजुर्गो, बच्चों या उन लोगों के लिए जिन्हें स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हैं, हेलीकॉप्टर सेवा किसी वरदान से कम नहीं है। अब केदारनाथ के लिए हेलीकॉप्टर की बुकिंग का पूरा जिम्मा IRCTC संभाल रहा है, जिससे धोखाधड़ी की गुंजाइश खत्म हो गई है और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी हो गई है।
अगर आप भी इस साल बाबा केदार के दर पर हेलीकॉप्टर से जाना चाहते हैं, तो आपको सही वेबसाइट और सही तरीके की जानकारी होना बहुत जरूरी है, क्योंकि भारी डिमांड के कारण टिकट बहुत जल्दी फुल हो जाते हैं। यहां हम आपको रजिस्ट्रेशन से लेकर टिकट डाउनलोड करने तक की पूरी जानकारी बताएंगे।
यह भी पढ़ें: कर साथी ऐप, कैसे आसान कर रहा इनकम टैक्स वाला काम?
सबसे पहले कराएं चारधाम यात्रा रजिस्ट्रेशन
हेलीकॉप्टर की टिकट बुक करने की पहली शर्त यह है कि आपके पास चारधाम यात्रा का रजिस्ट्रेशन होना चाहिए। आप उत्तराखंड सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना पंजीकरण कर सकते हैं। जब आप रजिस्ट्रेशन पूरा कर लेंगे, तो आपको एक 'यूनिक रजिस्ट्रेशन नंबर' या 'ग्रुप आईडी' मिलेगी। इसके बिना आप IRCTC की हेलीयात्रा वेबसाइट पर आगे नहीं बढ़ पाएंगे। इसलिए सबसे पहले अपना यात्रा पंजीकरण जरूर कर लें।
IRCTC हेलीयात्रा पर ऐसे बनाएं अपना अकाउंट
हेलीकॉप्टर टिकट सिर्फ और सिर्फ heliyatra.irctc.co.in वेबसाइट से ही बुक होते हैं। सबसे पहले इस वेबसाइट पर जाएं और 'Sign Up' बटन पर क्लिक करें। यहां आपको अपना नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी भरनी होगी। इसके बाद आपके पास एक ओटीपी (OTP) आएगा, जिसे डालकर आपको अपना अकाउंट वेरिफाई करना होगा। एक बार अकाउंट बन जाने के बाद, आपका मोबाइल नंबर ही आपकी यूजर आईडी बन जाएगा और आपको अपना एक पासवर्ड सेट करना होगा।
टिकट बुकिंग की पूरी प्रक्रिया
लॉग-इन करने के बाद आपको अपनी यात्रा की तारीख और कहां से उड़ान भरनी है (जैसे गुप्तकाशी, फाटा या सिरसी) यह चुनना होगा। यहां आपको अपना वह रजिस्ट्रेशन नंबर डालना होगा जो आपने उत्तराखंड सरकार की साइट से लिया था। इसके बाद आपको उपलब्ध हेलीकॉप्टर कंपनियों की लिस्ट और उनके टाइम स्लॉट दिखाई देंगे। अपनी पसंद का समय चुनें और यात्रियों की डिटेल भरें। ध्यान रहे कि एक आईडी से आप अधिकतम 2 टिकट बुक कर सकते हैं और कुल मिलाकर 12 यात्रियों की बुकिंग एक आईडी से की जा सकती है।
किराया और पेमेंट का तरीका
सारी जानकारी भरने के बाद आपको स्क्रीन पर कुल किराया दिखाई देगा। आप नेट बैंकिंग,डेबिट या क्रडिट कार्ड और यूपीआई (UPI) के जरिए तुरंत ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं। जैसे ही पेमेंट सफल होगा, आपकी स्क्रीन पर कन्फर्म टिकट का प्रिंटआउट जरूर निकाल लें, क्योंकि हेलीपैड पर आपको फिजकल टिकट और अपना वही पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड दिखाना होगा जो आपने बुकिंग के समय इस्तेमाल किया था।
यह भी पढ़ें: गर्मियों में फोन हीट होने से परेशान हैं? ट्रिक्स जो आपकी डिवाइस को रखेंगे कूल
जरूरी नियम और सावधानी
हेलीकॉप्टर यात्रा में वजन का बहुत महत्व होता है। एक यात्री अपने साथ आमतौर पर सिर्फ 2 से 5 किलो तक का ही छोटा बैग ले जा सकता है। अगर आपका वजन तय सीमा से ज्यादा है, तो आपको अतिरिक्त शुल्क देना पड़ सकता है। इसके अलावा, पहाड़ों में मौसम पल-पल बदलता है। अगर खराब मौसम की वजह से उड़ान रद्द होती है, तो कंपनी के नियमों के मुताबिक आपको रिफंड या अगली उपलब्ध उड़ान का मौका दिया जाता है। किसी भी अनजान व्यक्ति या सोशल मीडिया को विज्ञापनों के झांसे में न आएं, हमेशा आधिकारिक IRCTC वेबसाइट का ही इस्तेमाल करें।