कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (
EPFO
) अपने ‘निधि आपके निकट 2.0’ अभियान के तहत 28 सितंबर को देशभर में कैंप लगाएगा। इन कैंप में EPFO सदस्य, पेंशनर और नियोक्ता EPFO के अधिकारियों से सीधे मिलकर अपनी समस्याओं का समाधान करा सकेंगे। कैंप में EPFO की योजनाओं, सुविधाओं और सेवाओं से जुड़ी जानकारी भी दी जाएगी।
‘निधि आपके निकट’ EPFO का हर महीने चलने वाला आउटरीच कार्यक्रम है। इसके तहत देश के अलग-अलग जिलों में कैंप लगाए जाते हैं। इन कैंप का मकसद EPFO की सेवाओं को लोगों तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का समाधान करना है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में घर की छत पर मुफ्त लगेगा 3 kW तक सोलर पैनल, आज से रजिस्ट्रेशन शुरू
28 सितंबर को लगेगा कैंप
आमतौर पर ये जिला स्तर के कैंप हर महीने की 27 तारीख को लगाए जाते हैं। अगर 27 तारीख को छुट्टी होती है तो कैंप अगले कामकाजी दिन लगाया जाता है। इस महीने 27 सितंबर को रविवार होने की वजह से कैंप 28 सितंबर सोमवार को लगाया जाएगा।
कैंप में कर्मचारियों, नियोक्ताओं और पेंशनरों की समस्याओं के लिए सेवा केंद्र बनाए जाते हैं। यहां EPF, पेंशन और EDLI से जुड़ी शिकायतों और दूसरी समस्याओं में मदद मिलेगी। पेंशनरों के लिए डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने जैसी सुविधाएं भी दी जाती हैं। कैंप में सदस्य EPFO अधिकारियों से सीधे बात कर अपनी समस्या और सवाल रख सकते हैं।
EPFO ने कैंप की जगहों की सूची भी जारी की है ताकि सदस्य अपने नजदीकी कैंप की जानकारी ले सकें। EPFO ने कैंप की जगहों की सूची का लिंक भी शेयर किया है। सदस्य इस लिंक पर जाकर अपने नजदीकी कैंप की जानकारी देख सकते हैं। कैंप की जगह जानने के लिए अपने PF ऑफिस से संपर्क कर सकते हैं या 14470 पर कॉल कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: हाइवे पर गंदा टॉयलेट दिखे तो फोटो भेजें, FASTag में मिलेंगे 1 हजार रुपये
पुराने पैसों की जानकारी भी मिलेगी
यह अभियान सरकार के ‘योर मनी, योर राइट’ अभियान से भी जुड़ा है। इस अभियान का मकसद लोगों के ऐसे पुराने या बिना दावे वाले पैसों को उनके सही मालिकों तक पहुंचाना है। इसमें लंबे समय से इस्तेमाल नहीं किए गए बैंक खाते, बिना दावा किए गए बीमा के पैसे, म्यूचुअल फंड की रकम, शेयर और पेंशन से जुड़ी रकम शामिल हैं।
इस अभियान के तहत लोग अपने बिना दावे वाले पैसे और बंद पड़े EPF खातों से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन चेक कर सकते हैं। अगर किसी व्यक्ति का पैसा बिना दावे के पड़ा है तो जरूरी प्रक्रिया पूरी करके उस पर दावा भी किया जा सकता है। सरकार का मकसद ऐसे पुराने पैसों की जानकारी लोगों तक पहुंचाना और उन्हें उनके सही मालिकों तक वापस पहुंचाना है।