उत्तर प्रदेश में रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। गोरखपुर-गोंडा रूट पर स्वामी नारायण छपिया और मनकापुर स्टेशनों के बीच ऑटोमेटिक सिग्नलिंग का काम पूरा किया जा रहा है। इस वजह से दो दिनों के लिए यह रूट बंद रहने वाला है। यह नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य 10 और 11 अक्टूबर को किया जाएगा। इससे पहले भी 26 और 27 सितंबर को इस काम के लिए योजना बनाई गई थी लेकिन किसी वजह से टालना पड़ा था। अब इस काम को पूरा किया जाएगा। इससे ट्रेन संचालन अधिक सुरक्षित और तेज हो सकेगा।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) सुमित कुमार ने बताया कि ब्लॉक के कारण अमृत भारत, वंदे भारत और इंटरसिटी जैसी प्रमुख ट्रेनों को बदले हुए रास्तों से चलाया जाएगा। इसके अलावा, स्थानीय यात्रियों की सुविधा से जुड़ी कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को दो दिनों के लिए पूरी तरह रद्द कर दिया गया है। कुछ ट्रेनों के समय और स्टेशन में भी आंशिक बदलाव किया गया है। इसकी पूरी जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर भी डाल दी गई है।
यह भी पढ़ें: ऐप से निवेश करते समय ठगी से कैसे बचें? SEBI चेयरमैन ने खुद बताया तरीका
रद्द रहने वाली ट्रेनें
- 10 अक्तूबर को अयोध्या कैंट-मनकापुर मेमू (64220), मनकापुर-अयोध्या धाम-मनकापुर मेमू (64223/64224), मनकापुर-अयोध्या कैंट मेमू (64217) और भटनी-अयोध्या धाम-भटनी मेमू (65115/65116) पूरी तरह बंद रहेंगी।
- 10 और 11 अक्तूबर को गोरखपुर-गोंडा पैसेंजर (55093) और गोंडा-सीतापुर सिटी पैसेंजर (55091) रद्द रहेंगी।
- 11 और 12 अक्तूबर को गोंडा-गोरखपुर सवारी गाड़ी (55094) और सीतापुर सिटी-गोंडा सवारी गाड़ी (55092) निरस्त रहेंगी।
शॉर्ट टर्मिनेशन वाली ट्रेनें
- 10 अक्तूबर को वाराणसी-नेपालगंज रोड एक्सप्रेस (14213) केवल अयोध्या धाम स्टेशन तक ही जाएगी। इसी तरह प्रयागराज संगम-मनकापुर एक्सप्रेस (14233) अयोध्या कैंट में ही अपनी यात्रा पूरी करेगी।
- 11 अक्तूबर को नेपालगंज रोड-वाराणसी एक्सप्रेस (14214) नेपालगंज के बजाय सीधे अयोध्या धाम से चलेगी। इसके अलावा मनकापुर-प्रयागराज संगम एक्सप्रेस (14234) मनकापुर की जगह अयोध्या कैंट स्टेशन से रवाना होगी।
यह भी पढ़ें: PUC नहीं तो दिल्ली-NCR में आज से नहीं मिलेगा डीजल-पेट्रोल और CNG
डाइवर्टेड रूट से चलने वाली ट्रेनें
- गोंडा-बढ़नी-गोरखपुर रूट से एलटीटी-गोरखपुर एक्सप्रेस (20103 - 10 अक्टूबर), दरभंगा-नई दिल्ली एक्सप्रेस (12565 - 10 अक्टूबर), दिल्ली-सीतामढ़ी अमृत भारत एक्सप्रेस (14048 - 10 अक्टूबर), रक्सौल-आनंद विहार एक्सप्रेस (15273 - 10 अक्टूबर) और बठिंडा-गोरखपुर एक्सप्रेस (12556 - 10 अक्टूबर)।
- 11 अक्तूबर को मनकापुर-गोंडा-बाराबंकी रूट से गोरखपुर-प्रयागराज जंक्शन वंदे भारत एक्सप्रेस (22549)।
- छपरा-औंड़िहार-वाराणसी-अयोध्या कैंट-बाराबंकी रूट से 9 अक्तूबर को डिब्रूगढ़-गोमती नगर एक्सप्रेस (15949) और 9 अक्तूबर को डिब्रूगढ़-लालगढ़ एक्सप्रेस (15909)।