उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में 100 महिलाओं ने अचानक एक शराब की दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की है। महिलाओं ने करीब 15 लाख की कीमत की शराब को नष्ट कर दिया। महिलाओं के हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।महिलाओं ने सिर्फ एक नहीं बल्कि आसपास स्थित दो शराब की दुकानों में तोड़फोड़ की और दुकान उजाड़ दिया। महिलाएं बीते कई महीनों से गांव में शराबियों की बढ़ती संख्या को लेकर पुलिस से शिकायत दर्ज की थी।
महिलाओं पर शराब पीने वाले लोग फब्तियां कसते, उनके साथ छेड़छाड़ की कोशिश करते थे। महिलाओं ने पुलिस को इस विषय में तहरीर भी दी थी। महिलाओं का कहना था कि उनके पति शराब पीकर उन्हें पीटते हैं, बाहर लोग उन्हें छेड़ते हैं, ऐसे में दुकानें बंद कर दी जाएं। इन महिलाओं ने शराब को नष्ट कर नशीले पदार्थों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया है।
महिलाओं का कहना है कि शराब की दुकान खुलने के बाद गांव में शराबियों की संख्या बढ़ गई है। शराब के नशे में पुरुषों द्वारा अपराध, घरेलू हिंसा और महिलाओं के उत्पीड़न के मामले बढ़ने लगे हैं, जिससे वे काफी परेशान थीं।
यह भी पढ़ें- पैसे के लिए छिड़ी लड़ाई, ब्राह्मण बनाम दलित कैसे हो गई? 70 लोगों पर हुई FIR
वीडियो में क्या है?
यह वीडियो ब्रूट इंडिया ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया है। वीडियो के कैप्शन में लिखा है,'गांव की सड़कों पर शराबियों से तंग आकर, उत्तर प्रदेश की इन महिलाओं ने विरोध में दो शराब की दुकानों में तोड़फोड़ की, जिसमें स्थानीय लोग भी शामिल हो गए।'
वीडियो में बड़ी संख्या में महिलाएं दुकान के बाहर सड़क पर खड़ी दिखाई देती हैं और शराब की पेटियों व बोतलों को पैरों से तोड़ती नजर आती हैं। वीडियो में कुछ पुरुष भी दिखाई देते हैं। हालांकि उनकी संख्या कम है, लेकिन वे भी महिलाओं के साथ मिलकर शराब की बोतलें तोड़ते नजर आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें- बुलेट सवार ने बस कंडक्टर पर ताना तमंचा, बस्ती में सड़क पर मचा बवाल
शराब की बोतलें क्यों तोड़ने लगीं महिलाएं?
महिलाओं के इस विरोध के पीछे कई वजहें हैं। महिलाओं के मुताबिक, गांव में शराब की दुकान खुलने के बाद से अपराध बढ़ने लगे हैं। शराब के नशे में पुरुष महिलाओं का उत्पीड़न कर रहे हैं, घरेलू हिंसा के मामले बढ़ गए हैं और दुकान के बाहर खुलेआम शराब पीने वालों की संख्या भी बढ़ गई है।
कई महिलाओं ने यह आरोप भी लगाया कि घर का जरूरी खर्च शराब पर उड़ाया जा रहा है, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति खराब हो रही है। महिलाओं का कहना है कि उन्होंने कई बार पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। समय के साथ हालात और बिगड़ते चले गए, जिससे परेशान होकर महिलाओं को यह उग्र कदम उठाना पड़ा।
वीडियो पर क्या कह रहे लोग?
इस वीडियो को देखकर न सिर्फ महिलाओं बल्कि कई पुरुष यूज़र्स ने भी महिलाओं की सराहना की है। एक शख्स ने लिखा, 'ऐसी महिलाओं की हमें जरूरत है। इतनी बहादुर होने और अपने गांव के लिए आवाज उठाने के लिए बहुत सम्मान। आप सभी महिलाओं को और शक्ति मिले।' वहीं एक दूसरे शख्स ने लिखा 'वाह आखिरकार गांव में महिलाओं की ताकत की अच्छी खबर देखने को मिली।'