जर्मनी के कोलोन शहर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक रोबोट पर 16 साल की लड़की के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न जैसी हरकत करने का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना 11 अक्टूबर 2026 की रात शहर के एक फास्ट-फूड रेस्टोरेंट के बाहर हुई। घटना के बाद पुलिस ने रोबोट को जब्त कर लिया है। अब जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि घटना के दौरान रोबोट को कोई व्यक्ति रिमोट से कंट्रोल कर रहा था या नहीं।
यह घटना रविवार को कोलोन की एक सड़क होहेनजोलर्नरिंग पर हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 1.2 मीटर लंबा रोबोट अचानक लड़की के पीछे आकर खड़ा हो गया। इसके बाद उसने लड़की के कूल्हों को छुआ और उसके शरीर से सटकर अश्लील हरकतें कीं। इतना ही नहीं इस घटना की लाइव स्ट्रीमिंग करने का भी आरोप है।
यह भी पढ़ें: पति की शादी के बाद 30 साल छोटे युवक से की शादी, विदेश से लौटकर बेटे ने की हत्या
मालिक पर लगे आरोप
इस मामले में रोबोट के 16 साल के मालिक और उसके 19 साल के साथी पर गंभीर आरोप लग रहे हैं। उन्होंने कथित तौर पर घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग की और लाइव स्ट्रीमिंग की। इसके साथ ही स्ट्रीमिंग के दौरान कमेंट्री करने का आरोप भी उन पर लग रहा है। रोबोट के मालिक और उसके साथी के खिलाफ अब आपराधिक जांच तेज हो गई है।
मौके पर पहुंची पुलिस
इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्धों को घटनास्थल के पास पाया। पुलिस के मुताबिक, दोनों युवक कथित घटना को लाइव दिखा रहे थे और उस पर टिप्पणी भी कर रहे थे। बाद में रोबोट एक कार की डिक्की में मिला, जहां उसके मालिकों ने उसे रखा था। पुलिस ने रोबोट के साथ दोनों संदिग्धों के दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
यह भी पढ़ें: 'ज्ञानेश कुमार माफिया...', इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने राहुल गांधी के घर क्या कहा?
जांच में जुटी पुलिस
कोलोन पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय रोबोट किस तरह काम कर रहा था और क्या कोई व्यक्ति रिमोट या किसी अन्य तरीके से उसकी गतिविधियों को जानबूझकर कंट्रोल कर रहा था। फिलहाल यह पुष्टि नहीं हुई है कि रोबोट ने अपने आप ये हरकतें की थीं। यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब इंसानों जैसी बनावट और गतिविधियों वाले रोबोट का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है और दुनियाभर में इसके उपयोग को लेकर बहस हो रही है।