गुजरात की राजधानी अहमदाबाद के एक कॉलेज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जहां कॉलेज में कार्यक्रम हो रहा था। कार्यक्रम में कॉमेडियन रजत सूद भी शामिल हुए थे। उसी दौरान जब प्रोफेसर स्टेज पर बोल रहे थे, तभी एक छात्र ने मजाक में कह दिया- 'जल्दी बोल पनवेल निकलना है।' इसी के बाद प्रोफेसर ने छात्र को स्टेज पर बुलाया। उन्होंने छात्र का कॉलर पकड़ा और कॉलेज से निकालने की धमकी दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
यह मामला अहमदाबाद की निरमा यूनिवर्सिटी का है, जहां 18 से 20 सितंबर के बीच इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन विभाग में छात्रों के लिए कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम के दौरान विभाग के प्रोफेसर डॉ. हिमांश के. पटेल उर्फ एचके पटेल भाषण दे रहे थे। तभी एक छात्र ने उन पर कमेंट किया, जिससे वह गुस्से में आ गए। इसी वजह से उन्होंने छात्र को धमकी दी। इस घटना का वीडियो वायरल होते ही कॉलेज के एनएसयूआई के छात्रों ने कॉलेज प्रोफेसर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी।
यह भी पढ़ें: कनाडा में खाना बनाने पर हिंदुस्तानी महिला ने किया हंगामा, उठा ले गई पुलिस
प्रोफेसर ने कॉलर पकड़ा
वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि प्रोफेसर भाषण दे रहे थे, तभी छात्र ने 'गोलमाल 3' फिल्म का मशहूर डायलॉग बोल दिया। भीड़ में बैठे छात्र ने कहा, 'जल्दी बोल सर, पनवेल निकलना है।' तो प्रोफेसर बोले, 'तो निकलने ले भाई।' इसके बाद प्रोफेसर ने छात्र को स्टेज पर बुलाया। जब छात्र स्टेज पर गया तो उसने धीमी आवाज में कहा, 'सॉरी सर।' तब तक प्रोफेसर बेहद गुस्से में आ चुके थे। उन्होंने छात्र का कॉलर पकड़ा और कहा, 'मैं तुम्हारे खिलाफ कोई भी एक्शन ले सकता हूं। जिस दिन तुम निरमा यूनिवर्सिटी कैंपस के फैकल्टी मेंबर का अपमान करने की हिम्मत की, तब तुम्हें हमेशा के लिए निकाला जाएगा।'
जब प्रोफेसर ने छात्र को चेतावनी दी, तब हंसी-मजाक वाला माहौल अचानक गंभीर हो गया। इसके बाद कॉमेडियन रजत सूद भी स्टेज से जाने लगे। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को देखने के बाद कई लोगों ने अपनी राय दी है।
यह भी पढ़ें: ठेके पर जाकर फ्री में हड़प ली शराब, नप गए UP के 'दरोगा बाबू'
क्या है लोगों की राय?
वीडियो देखने के बाद लोगों ने कमेंट बॉक्स में अपनी राय शेयर की है। जहां एक तरफ लोगों ने कहा कि छात्र को प्रोफेसर का अपमान नहीं करना चाहिए था, वहीं दूसरी तरफ लोगों ने कहा कि कोई भी प्रोफेसर इस तरीके से छात्र का कॉलर नहीं पकड़ सकता है।