हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के कश्मीर गांव में चार ऑस्ट्रेलियाई पर्यटक उस समय पहुंच गए जब वे दिल्ली से एक मॉडिफाइड ऑटो किराए पर लेकर जम्मू-कश्मीर घूमने के लिए निकल रहे थे। गूगल मैप की नेविगेशन में हुई एक गलती के चलते ये पर्यटक अपनी असल मंजिल के बजाय हिमाचल प्रदेश के इस कश्मीर गांव में पहुंच गए। पर्यटकों ने वहां कुछ समय बिताया और स्थानीय लोगों से बात करने के बाद सही रास्ता जानकर वे अपनी आगे की यात्रा के लिए रवाना हो गए।
ये चार ऑस्ट्रेलियाई पर्यटक भारत घूमने आए हैं। उन्होंने अपनी पूरी यात्रा के लिए दिल्ली से एक मॉडिफाइड ऑटो को किराए पर लिया था और उसी से जम्मू-कश्मीर जाने का फैसला किया। वे दिल्ली से निकलकर चंडीगढ़, रोपड़, किरतपुर, नंगल, ऊना, बड़सर, मैहरे और दंदड़ू के रास्तों से होते हुए आगे बढ़े। गूगल मैप पर उन्होंने जो शॉर्टकट रास्ता चुना वह उन्हें शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे हमीरपुर जिले के कश्मीर नाम के गांव में ले आया।
यह भी पढ़ें: रोते-बिलखते बच्चे, टॉर्चर, मारपीट, बेंगलुरु में बच्चों के साथ क्या करती थी नैनी?
वायरल हुआ पर्यटकों का वीडियो
जैसे ही ऑटो इस गांव में रुका तीन पर्यटक तो ऑटो में ही बैठे रहे लेकिन उनमें से एक पर्यटक सड़क के बीच में उतरकर खुशी से नाचने लगा। यह नजारा देखकर वहां के लोग दंग रह गए। वहां मौजूद एक स्थानीय युवक ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। यह वीडियो कुछ ही समय में बहुत वायरल हो गया। जब पर्यटकों ने गांव वालों से जम्मू-कश्मीर का रास्ता पूछा तब उन्हें मालूम चला कि वे असली जम्मू-कश्मीर में नहीं बल्कि हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के कश्मीर गांव में हैं।
यह भी पढ़ें: 7वीं के छात्र से स्कूल से ही 'गुरुजी' ने मंगवाई शराब, गुजरात में हंगामा हो गया
सही रास्ता जानकर आगे बढ़े पर्यटक
अपनी गलती का पता चलने पर पर्यटक काफी परेशान हुए। वे उस गांव में लगभग 10 से 15 मिनट तक रुके। इसके बाद उन चारों ने दोबारा अपने मोबाइल में गूगल मैप खोला और जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना हो गए। वहां से वे कांगू होते हुए नादौन पहुंचे और नादौन से नेशनल हाईवे यानी राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते रानीताल की तरफ बढ़ते हुए अपने असली जगह जम्मू-कश्मीर के लिए निकल गए। गूगल मैप की इस तकनीकी गलती के वजह से यह घटना अब सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है।