27 साल की एक महिला ने आरोप लगाया है कि 15 अप्रैल को उसके घर की सोसाइटी के बाहर एक डिलीवरी एजेंट ने उसके साथ मारपीट और छेड़छाड़ की। यह घटना सोसाइटी के गेट पर हुई, जहां महिला अपने कुत्तों को घुमा रही थी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इस घटना की शुरुआत तब हुई जब डिलीवरी एजेंट (जो शैडोफैक्स कंपनी में काम करता है) सोसाइटी में डिलीवरी करने आया। उसने अपनी बाइक को कार के एंट्री गेट पर खड़ी कर दी, जबकि पास में ही दोपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग थी। जब सिक्योरिटी गार्ड्स ने उसे बाइक हटाने को कहा, तो वह गुस्सा हो गया और गाली-गलौज करने लगा।
यह भी पढ़ें: पुलिस से भागकर गली में बैखोफ दौड़ाई कार, 7 वाहनों को मारी टक्कर, वायरल वीडियो
महिला ने शांत कराने की कोशिश की
एक महिला जो कि अपना कुत्ता घुमा रही थी, उसने इस बहस को शांत करने की कोशिश की और गार्ड्स से कहा कि सोसाइटी के नियमों का पालन करें। इसी पर डिलीवरी एजेंट ने महिला को गंदी-गंदी गालियां दीं और सेक्सुअल जेश्चर किए। जब महिला ने उसका विरोध किया, तो उसने कथित तौर पर उसे थप्पड़ मार दिया और उसके कपड़ों को खींचने की कोशिश की। महिला ने खुद को किसी तरह से बचाया और गार्ड्स की मदद से उसे अपने से दूर किया।
एफआईआर लिखने में की देरी
महिला ने शाम करीब 6:45 बजे पुलिस हेल्पलाइन पर फोन किया। पुलिस लगभग 30 मिनट बाद मौके पर पहुंची, तब तक आरोपी भाग चुका था। भागते समय वह चिल्लाया, 'जो करना है कर ले'। महिला का आरोप है कि पुलिस ने उसे खुद मेडिकल चेकअप कराने को कहा और FIR दर्ज करने में देरी की। FIR अगले दिन दर्ज हुई लेकिन आरोपी को जल्दी ही छोड़ दिया गया और वह भी महिला को बताए बिना।
यह भी पढ़ें: इस हॉरर रेस्टोरेंट में भूत करते हैं वेटर का काम, बच्चा देखकर रोया, वायरल वीडियो
यह घटना रेडिट पर पोस्ट की गई, जहां एक वीडियो भी शेयर किया गया। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जोरदार बहस छिड़ गई है। लोग पुलिस की कार्यप्रणाली और महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठा रहे हैं।
(यह रिपोर्ट सोशल मीडिया के आधार पर लिखी गई है। खबरगांव इसकी पुष्टि नहीं करता है।)