उत्तर प्रदेश के उन्नाव से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सांसद साक्षी महाराज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में सांसद मौरावां थाने के इंस्पेक्टर को जमकर फटकार लगाते नजर आ रहे हैं। साक्षी महाराज पुलिस की कार्रवाई से इतने नाराज दिखे कि उन्होंने इंस्पेक्टर पर दलाली करने और मामले में लीपापोती करने तक के आरोप लगा दिए। उन्होंने पुलिसकर्मी से कहा, 'तुम दलाली करते रहते हो।' सांसद का यह गुस्सा पहाड़पुर गांव में बुजुर्ग की मौत के मामले को लेकर सामने आया है। वीडियो में वह पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इंस्पेक्टर को खरी-खोटी सुनाते दिख रहे हैं।
गुरुवार को सांसद साक्षी महाराज पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान वह पुलिस की कार्यप्रणासी से काफी नाराज नजर आए। उन्होंने सीओ पुरवा अरविंद कुमार चौरसिया और मौरावां थाना प्रभारी कुंवर बहादुर सिंह को जमकर फटकार लगाई। थाना प्रभारी से नाराजगी जताते हुए सांसद ने कहा, 'थाने में सिर्फ दलाली कराते हो, रोज शिकायतें आती हैं। ऐसी पुलिस मैंने कहीं नहीं देखी।'
यह भी पढ़ें: कौन हैं हिमाचल के सरबजीत सिंह बॉबी जिन्हें अमिताभ बच्चन से मिला सम्मान?
क्या है मामला?
दरअसल, पूरा मामला मौरावां थाना क्षेत्र के पहाड़पुर मजरे मवई गांव का है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि सांसद साक्षी महाराज पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात मौके पर मौजूद मौरावां इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह से हुई। सांसद ने पहले इंस्पेक्टर का नाम पूछा। इसके बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठाने लगे।
उन्होंने कहा, 'काहे के कुमार बहादुर हो तुम? अगर कुमार बहादुर होते तो तुम्हारे राज में यह सब होता? मैंने कभी तुम्हें फोन किया, तुम तो दलाली कराते रहते हो।' सांसद ने आरोप लगाया कि घटना में आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए और एक व्यक्ति को 32 टांके लगे, इसके बावजूद पुलिस ने मामले में लीपापोती कर दी। उन्होंने कहा कि ऐसी पुलिस उन्होंने कहीं नहीं देखी।
क्या घटना हुई थी?
यह पूरा विवाद 21 सितंबर की घटना से जुड़ा है। पहाड़पुर गांव निवासी 72 साल के रामस्वरूप लोधी पर गांव के ही कुछ लोगों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके बेटे रामेश्वर की तहरीर पर पुलिस ने 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। गंभीर हालत में रामस्वरूप को लखनऊ के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान शनिवार रात उनकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हृदयगति रुकना बताई गई है।
यह भी पढ़ें: बाल दिवस पर तमिलनाडु के 61 लाख बच्चों को मिलेगा केक, CM विजय ने दिए ₹9.27 करोड़
मौत के बाद हंगामा
बुजुर्ग की मौत के बाद परिवार और ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई। रविवार को परिजनों ने मवई-मौरावां मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन किया और सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इसके बाद सांसद साक्षी महाराज गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देने के साथ एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी दी। सांसद ने परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
इस दौरान साक्षी महाराज ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मामले में निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि जांच में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। फिलहाल इंस्पेक्टर को फटकार लगाते सांसद का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।