उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में काजू कतली मिठाई के एक टुकड़े में ब्लेड मिलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद ग्राहक और दुकान के कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया, जिसके कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। वीडियो वायरल होने के बाद इस मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने संज्ञान लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह मामला इंदिरापुरम के शक्ति खंड इलाके की एक मिठाई की दुकान से जुड़ा है। ग्राहक वासु सचदेवा ने बताया कि उन्होंने दुकान से मिठाई खरीदी थी और उसका एक डिब्बा अपने रिश्तेदार के घर भिजवाया था। बाद में जब डिब्बे से मिठाई निकालकर प्लेट में रखी गई, तो एक टुकड़े में ब्लेड का हिस्सा दिखाई दिया। मिठाई के अंदर धारदार चीज मिलने की बात सामने आते ही परिवार के लोग हैरान रह गए। इसके बाद ग्राहक मिठाई का डिब्बा लेकर दुकान पर पहुंचा और कर्मचारियों से शिकायत की।
यह भी पढ़ें: हिमाचली थाली से कुपोषण पर वार, सुक्खू सरकार ने बनाई यह नई नीति
जमकर हुई बहस
ग्राहक का आरोप है कि दुकान पर पहुंचने के बाद मामले को लेकर बहस शुरू हो गई। उसने दुकान के प्रबंधन से पूछा कि मिठाई के अंदर ब्लेड कैसे पहुंचा। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में ग्राहक और दुकान के मैनेजर के बीच बातचीत होती दिखाईदे रही है। ग्राहक ने यह आरोप भी लगाया कि विवाद के दौरान ब्लेड वाला मिठाई का टुकड़ा वहां से गायब हो गया। ग्राहक वीडियो में दुकानदार से पूछता हुआ दिखाई देता है कि ब्लेड क्यों और किसने गायब की।
मामले की जांच शुरू
मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो का संज्ञान लिया है। विभाग के अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यह पता लगाना महत्वपूर्ण होगा कि मिठाई किस दुकान से खरीदी गई थी, उसका उत्पादन और पैकिंग कहां हुई थी तथा संबंधित खाद्य सामग्री में किसी बाहरी वस्तु के पहुंचने की संभावना कैसे बनी। इस मामले में अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि ग्राहक ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी या नहीं। हालांकि, त्योहारों के सीजन में इस मामले के सामने आने के बाद लोगों की चिंता बढ़ गई है।