तेलंगाना के हैदराबाद में स्थित आउटर रिंग रोड पर एक कार की खुली डिग्गी में बच्चे बैठकर सफर करते हुए पाए गए। रात के समय करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे से भी ज्यादा की रफ्तार से दौड़ रही इस कार का पिछला दरवाजा पूरी तरह से ऊपर की ओर खुला हुआ था। कार के अंदर डिग्गी वाले हिस्से में तीन छोटे बच्चे असुरक्षित तरीके से बैठे थे जिनका वीडियो पीछे चल रहे एक दूसरे वाहन ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने जब अपना कैमरा जूम किया तो दिखा कि कार की रफ्तार बहुत तेज थी और बच्चे बहुत खतरनाक तरीके से बैठे हुए थे।
वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि पीछे वाली खिड़की या हैच को पूरा ऊपर की तरफ खोल दिया गया था। कार की डिग्गी में बच्चे एक-दूसरे से चिपककर बैठे हुए थे और उनके पास खुद को संभालने के लिए कोई सुरक्षा का जरिया नहीं था। इतनी तेज रफ्तार में अगर ड्राइवर अचानक ब्रेक मारता या सड़क पर कोई मोड़ आता तो बच्चे सीधे सड़क पर गिर सकते थे।
यह भी पढ़ें: इंस्टा पर शोएब बना सौरभ, हिंदू लड़कियों को फंसाकर करता था ब्लैकमेल, पकड़ा गया
सोशल मीडिया पर लोगों की राय
इंटरनेट पर यह वीडियो वायरल होते ही लोगों ने कार चालक और बच्चों के माता-पिता की जमकर क्लास लगाई। एक यूजर ने इसे लापरवाही की हद बताया तो किसी ने इसे बच्चों की जिंदगी के साथ जानबूझकर किया गया खिलवाड़ कहा। सोशल मीडिया यूजर्स ने मांग की है कि ऐसे गैर-जिम्मेदार माता-पिता के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए और उनका ड्राइविंग लाइसेंस हमेशा के लिए रद्द कर देना चाहिए।
यह भी पढ़ें: 'जब मन और दिमाग में लड़ाई हो', प्रेमानंद से सवाल पूछकर चर्चा में आईं डॉ. तनु जैन
साइबराबाद ट्रैफिक पुलिस की जांच
वीडियो के वायरल होते ही साइबराबाद ट्रैफिक पुलिस ने इस मामले पर एक्शन लिया है। पुलिस ने साफ किया कि उन्होंने इस वाहन की पहचान करने की जांच शुरू कर दी है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बच्चों को इस तरह खतरनाक स्थिति में न बैठाएं क्योंकि यह न सिर्फ यातायात नियमों के खिलाफ है बल्कि उनकी जान के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है।