ट्रेन में कंफर्म टिकट मिलना वैसे ही बहुत परेशानी की बात होती है लेकिन किसी की अगर टिकट कंफर्म होने के बाद भी मिली सीट ट्रेन के डिब्बे में हो ही न तो क्या होगा? कुछ ऐसा ही अजीब मामला वाराणसी से गोरखपुर जा रहे एक यात्री के साथ हुआ है। देर रात जब यात्री अपनी सीट ढूंढने कोच में पहुंचा तो वहां का नजारा देखकर उसका सिर चकरा गया। जानकारी के मुताबिक, ईशान बाजपेयी नाम के एक यात्री ने वाराणसी सिटी से गोरखपुर जाने के लिए ट्रेन नंबर 15132 (BCY NPR EXP) में टिकट बुक कराया था।
उनका टिकट पूरी तरह कंफर्म था और उन्हें एसी 2-टियर (A1 कोच) में 'साइड अपर' (SU) श्रेणी की 54 नंबर बर्थ मिली थी। लेकिन जब ईशान रात में सफर के लिए कोच के अंदर गए तो उन्होंने पाया कि पूरे डिब्बे में सीटें 52 नंबर पर ही खत्म हो रही हैं। 54 नंबर की कोई सीट मौजूद ही नहीं है।
यह भी पढ़ें: इंस्पेक्टर के बेटे की कार का 30 हजार का चालान काटा, ट्रैफिक कांस्टेबल लाइन हाजिर
देर रात सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो
रात करीब 10:45 बजे हुई इस परेशानी से ईशान काफी निराश हो गए। उन्हें समझ नहीं आया कि बिना सीट के वह रात का सफर कैसे पूरा करेंगे। ईशान के मुताबिक, उन्होंने पहले रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई लेकिन जब कोई तुरंत मदद नहीं मिली तो उन्होंने कोच के अंदर का एक वीडियो बनाया।
उन्होंने इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर शेयर करते हुए रेल मंत्रालय और 'रेलवे सेवा' को टैग किया। ईशान ने अपने टिकट का स्टेटस (CNF/A1/54/SU) दिखाते हुए नाराजगी जताई कि कंफर्म टिकट होने के बावजूद उन्हें देर रात बिना सीट के भटकना पड़ रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे ने मांगी माफी
जैसे ही यह मामला इंटरनेट पर आया, लोगों ने रेलवे की इस गड़बड़ी पर मजे लेने शुरू कर दिए और सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई। मामले को तूल पकड़ता देख 'रेलवे सेवा' के आधिकारिक हैंडल से तुरंत जवाब दिया गया।
यह भी पढ़ें: सिंदूर लगाने के तरीके पर मजाक उड़ाकर फंसे कॉमेडियन यश माहेश्वरी, अब मांगी माफी
रेलवे ने इस असुविधा के लिए यात्री से माफी मांगी और भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायत को जरूरी कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा दिया गया है। साथ ही, तुरंत मदद के लिए 'रेल मदद' पोर्टल या 139 पर संपर्क करने की सलाह भी दी गई। हालांकि, रेलवे की माफी के बाद भी सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि आखिर सिस्टम की किस चूक की वजह से 52 सीटों वाले कोच में 54 नंबर की सीट बुक हो गई।