दिल्ली के शाहदरा जिले के फर्श बाजार थाने में एक वकील के बेड पर लेटकर वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दिल्ली पुलिस ने असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) भरत को सस्पेंड कर दिया है। उन्हें जिला लाइन भेज दिया गया है।
शाहदरा के डीसीपी के मुताबिक वकील ASI भरत के जानने वाले थे। उनके बच्चे भी वकील हैं और ASI के साथ काम करते हैं। तबीयत ठीक न होने की बात कहकर वकील ने थाने में कुछ देर आराम करने की इजाजत मांगी थी। इसी दौरान उन्होंने वीडियो रिकॉर्ड किया। पुलिस ने इसे ASI की लापरवाही माना है।
यह भी पढ़ें: 60 साल पहले भी दिल्ली पुलिस ने किया था प्रदर्शन, तब हाफ पैंट से मिला था छुटकारा
थाने के कमरे में वकील को कैसे मिला कमरा?
वीडियो में एक युवक थाने के उस कमरे में बेड पर लेटा है, जिसका इस्तेमाल पुलिसकर्मी करते हैं। वह खुद को फिल्मा रहा है। उसने वीडियो में गाना जोड़कर उसे सोशल मीडिया स्टेटस पर लगाया था। वीडियो हिमांशु पंडित नाम के अकाउंट से शेयर किया गया था।
वीडियो सामने आने के बाद सवाल उठे कि बाहरी व्यक्ति थाने के निजी कमरे तक कैसे पहुंचा। यह भी पूछा गया कि कमरा SHO का है या थाने का कोई और कमरा। मांग की गई है कि पुलिस वीडियो के मकसद की जांच करे और थाने में मौजूदगी क्यों है, यह बताए। विभाग ने यह भी आदेश दिया है कि उन पुलिसकर्मियों की भूमिका भी देखी जाए, जिन्होंने उसे कमरे में जाने दिया।
यह भी पढ़ें: 'खुद ही अन्याय सहेंगे तो किसके साथ न्याय करेंगे', ACP मनस्वी वशिष्ठ वायरल हो गए
जिले के सभी पुलिसकर्मी नपे
शाहदरा के डीसीपी के आधिकारिक X अकाउंट पर इस मामले की जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि जिले के सभी अफसरों और कर्मचारियों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें कहा गया है कि वे अपनी निजी जगहों या सरकारी कमरों में किसी बाहरी व्यक्ति को बिना इजाजत न जाने दें।