हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घुमारवीं का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वायरल वीडियो में एक महिला बस कंडक्टर को बुरी तरह पिटते हुए दिखाई दे रही है और उस महिला का साथ एक अन्य महिला भी दे रही है। महिला ने अपने पांव से चप्पल निकालकर कंडक्टर पर बरसा दीं। इस दौरान वहां मौजूद लोग महिला को समझाने की कोशिश करते रहे लेकिन महिला ने किसी की नहीं सुनी। महिला का कहना था कि उस कंडक्टर ने उसके पति के सामने उसके चरित्र पर सवाल उठाए थे।
यह घटना बिलासपुर के घुमारवीं बस स्टेंड की बताई जा रही है। इस घटना के बाद दोनों ही पक्षों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। सोशल मीडिया पर वायरल 3 मिनट 42 सेकेंड के वीडियों में महिला लगातार चप्पल से कंडक्टर के मुंह पर वार करते दिख रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित जोगिंद्र सिंह निवासी गांव सुमाड़ी, डाकघर लैहड़ी सरेल तहसील घुमारवीं जिला बिलासपुर संबंध रखता है और वह हुसैन बस सर्विस घुमारवीं में कंडक्टर है।
यह भी पढ़ें: न मोदी, न योगी, फिर टाइम मैगजीन की टॉप लिस्ट में कौन छा गया?
क्यों हुआ विवाद?
इस वीडियो को देखने के बाद लोगों के मन में एक ही सवाल है कि उस कंडक्टर ने ऐसी क्या गलती कर दी थी जो महिलाओं ने उसे चप्पलों से बुरी तरह पीट दिया। वीडियो में जो महिला कंडक्टर को पीट रही वह कहती हुई सुनाई दे रही है कि इसने मेरा घर बर्बाद कर दिया और मुझे बदनाम कर दिया। महिला का आरोप है कि कंडक्टर ने उसके बारे में गलत बातें कहकर उसका घर बर्बाद कर दिया। वीडियो में महिला कहती हुई सुनाई दे रही है कि इसने मेरे पति से कहा कि तेरी पत्नी किसी के साथ होटल में जाती है।
सफाई देता रहा कंडक्टर
इस दौरान बस कंडक्टर लगातार सफाई देता रहा। वह खुद को निर्दोष बताता रहा। वह महिला से कहता रहा कि उसने ऐसा कुछ भी नहीं कहा है। इस दौरान वह कभी भगवान की कसम खाता तो कभी अपनी मां और बच्चों की लेकिन महिला ने चप्पलों की बारिश जारी रखी। महिला ने उसको शर्ट से पकड़कर लगातार उस पर चप्पलें बरसतीं रहीं।
यह भी पढ़ें: लखनऊ में फटे 50 सिलेंडर, 280 झुग्गियां जलकर राख; 1,000 लोग बेघर
दोनों ने दर्ज करवाई शिकायत
बिलासपुर के SP संदीप धवल ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि जब वह घुमारवीं बस अड्डा पर अपने मायके जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी, तो जोगिंद्र सिंह ने उसे अश्लील इशारे किए। इसके बाद जब महिला ने उसका विरोध किया तो वह गाली-गलौच की और उसको जान से मारने की धमकी दी।
इसके अलावा दूसरी ओर से जोगिंद्र ने भी शिकायत दर्ज करवाई है। उसकी शिकायत के अनुसार, वंदना व एक अन्य महिला ने उसके साथ चप्पलों-जूतों से मारपीट शुरू कर दी, जिससे उसे चोटें आईं। इस तरह सरेआम अभद्र व्यवहार से उसके आत्मसम्मान को ठेस पहुंची है। पुलिस ने अब इस मामले की जांच शुरू कर दी है।