उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं की आपसी खींचतान खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। पिछले महीने बीजेपी की कार्य समिति की लिस्ट आने के बाद नाराज होकर पार्टी से इस्तीफा देने वाली दीपाली तिवारी ने अब महोबा बीजेपी के जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दीपाली तिवारी के मुताबिक, मोहनलाल ने उनसे हमबिस्तर होने को कहा और इसके बदले में टिकट दिलाने का ऑफर दिया। दीपाली पहले भी मोहनलाल कुशवाह पर कई बार आरोप लगा चुकी हैं।
महोबा बीजेपी की जिला मंत्री रहीं दीपाली तिवारी ने 22 मार्च 2026 को बीजेपी से इस्तीफा देने का एलान कर दिया था। तब भी उन्होंने मोहनलाल कुशवाह पर आरोप लगाए थे कि और कहा था कि वह पार्टी की लुटिया डुबोने में लगे हुए हैं। इस पर मोहनलाल ने कहा था कि कार्य समिति की घोषणा प्रदेश नेतृत्व की संस्तुति पर हुई है और जो वह कह रही हैं, उनके अपने विचार हैं।
यह भी पढ़ें: नहीं मानी गई AAP की दलील, पाला बदलने वाले सातों सांसद अब BJP के हुए
दीपाली तिवारी ने क्या-क्या आरोप लगाए?
दीपाली तिवारी ने फेसबुक लाइव करके मोहनलाल कुशवाह पर आरोप लगाते हुए कहा है, 'मैंने मोहनलाल जी को कहा था कि मेरा घर बिक चुका है। मेरे पति का काम-धाम बंद सा चल रहा है, मैं आर्थिक रूप से इतनी कमजोर हूं कि मैं आपको कुछ दे नहीं सकती हूं। इस पर मोहनलाल ने कहा- अरे आपके पास देने को बहुत कुछ है। मैंने कहा कि मैं समझी नहीं तो कहते हैं कि आप समझदार हैं, आपको मुझे बताने की जरूरत नहीं है, आप इशारों को समझिए। मैंने कहा कि मैं इशारों में बात नहीं करती ना ही मैं समझती हूं।'
यह भी पढ़ें: 'फ्री में ले जाना राशन...', किराना की दुकान चलाने वाला रेप के आरोप में गिरफ्तार
इसके आगे दीपाली तिवारी ने कहा, 'अगर मैं आपको जिला उपाध्यक्ष बना देता हूं तो आप मेरे साथ लखनऊ, दिल्ली चलेंगी और किसी को शक भी नहीं होगा। आगे मैं कैसे कहूं कि मुझे समझ नहीं आ रहा है। इसने मुझसे कहा कि बस एक बार मेरे साथ हम बिस्तर हो जाइए। इनकी इतनी गंदी भावना मुझे महीनों से कचोट रही है और मैं किसी से कह नहीं पा रही थी। मैंने कहा कि भाई साहब आपके घर में भी बहू-बेटियां हैं। ऐसी बातें की जाती हैं क्या? मैं क्रोधित होकर से आने लगी तो इन्होंने कहा कि दीपाली जी अगर आप मेरी बात मान जाएंगी तो मैं आपको जिला पंचायत का टिकट भी दे दूंगा। मैं लालची महिला नहीं हूं इसलिए मैं वहां से गुस्से में वापस अपने घर आ गई।'