महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में कुछ लड़कों ने सड़क पर बर्थडे पार्टी मनाई। जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लिया है। जहां लड़कों ने सड़क पर एयरगन से फायरिंग की थी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। साथ ही इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने 10 लड़को को हिरासत में लिया।
यह मामला बोरीवली की पश्चिम स्थित गोराई-2 के घरकुल सोसायटी का है। जहां 5 अगस्त की रात साढ़े 12 बजे सड़क पर बर्थडे पार्टी मना रहे थे। इसी दौरान लड़कों ने गन से फायरिंग की थी, जिसे देखकर वहां रहने वाले लोग डर गए। इसी वजह से बड़ी संख्या में लोग सड़क पर आ गए। जहां लोगों ने देखा कि कुछ लड़के बीच सड़क पर इनोवा गाड़ी के बोनट पर केक काट रहे हैं। आरोपी लड़कों की बर्थडे पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
यह भी पढ़ें: 'हमें तमिलनाडु में बंद रखा है', फैक्ट्री में काम करने वाली महिला का Video वायरल
वायरल वीडियो में क्या है?
वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि रात के अंधेरे में कुछ लड़के सड़क के बीचों-बीच बर्थडे पार्टी मना रहे हैं, जिनमें एक लड़का केक काटते हुए नजर आ रहा है और वह अपने दोस्तों को खिला रहा है। वहीं दूसरी तरफ एक लड़का बंदूक से फायरिंग करता नजर आ रहा है। इस वीडियो को देखने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने लड़कों का विरोध किया।
फायरिंग से बना डर का माहौल
पुलिस ने बताया कि सड़क के बीचों-बीच लड़कों ने गन से फायरिंग की थी, जिससे न सिर्फ इलाके में शोर-शराबा हुआ, बल्कि वहां रहने वाले लोग डर गए। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक जतिन शर्मा एयरगन लेकर आए थे। जिसके बाद पार्टी के दौरान विजेष उपाध्याय ने बंदूक से फायरिंग की थी।
यह भी पढ़ें: 2 लाख की सैलरी घटकर हुई 40 हजार, कॉपीराइटर की सैलरी में गिरावट की वजह AI
इस मामले को लेकर पुलिस ने जिन 10 लड़कों को हिरासत में लिया, उनका नाम है आकाश गुप्ता, विजेष उपाध्याय, विक्रम चौधरी उर्फ टॉमची, ऐश्वर्य गोमणे, जतिन शर्मा, जय कपाड़िया, रोहन पाटिल, मुकुंद थोरवे, रोहन पाटिल और प्रशांत हरिजन।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। इसी के तहत आरोपियों की जांच की जाएगी। फिलहाल पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।