सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। एक व्यक्ति न्यूजीलैंड की एक पहाड़ी पर खड़ा है और वह उस पहाड़ी पर लगे नेम प्लेट पर लिखा नाम पढ़ने की कोशिश कर रहा है। इस नेम प्लेट पर पहाड़ी का नाम लिखा है। नेम प्लेट पर 85 अक्षर लिखे हैं और इन्हें एक साथ पढ़ना मुश्किल है। वायरल वीडियो में व्यत्ति नेम प्लेट पर लिखे, 'Taumatawhakatangihangakoauauotamateaturipukakapikimaungahoronukupokaiwhenuakitanatahu' को पूरा पढ़ने की कोशिश करता हुआ दिखाई दे रहा है। लोग अब एक दूसरे को चैलेंज कर रहे हैं कि आप इस नाम का उच्चारण करके दिखाएं। लोग कह रहे हैं कि हमें तो 7-8 अक्षरों के नाम पढ़ने में दिक्कत होती है तो इसे कैसे पढ़ेंगे।
इस 85 अक्षरों के नाम को दुनिया का सबसे लंबा नाम बताया जा रहा है। इस पहाड़ी के कई वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इसमें लोग पहाड़ी का नाम पढ़ने और उच्चारण करने के चैलेंज को पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं। यह नाम अब सोशल मीडिया पर ट्रेंड हो रहा है। लोग कह रहे हैं कि इस पहाड़ी का नाम लिखते-लिखते तो लोग थक जाते होंगे। हालांकि, इस नाम के पीछे की कहानी भी बहुत खास है।
यह भी पढ़ें-- देशभर में क्रिसमस की धूम, तुलसी पूजन क्यों ट्रेंड करने लगा?
प्रेमी की कहानी से जुड़ा नाम
'Taumatawhakatangihangakoauauotamateaturipukakapikimaungahoronukupokaiwhenuakitanatahu' का अर्थ जानने की ईच्छा अब कई लोगों की है। इस नाम का अर्थ बहुत ही खास है। यह नाम स्थानीय माओरी भाषा में लिखा गया है। अगर इसका अनुवाद किया जाए तो इसका मतलब एक पर्वत के शिखर और व्यक्ति से है। एक ऐसा शिखर जहां तमातेआ नाम के बड़े घुटने वाला व्यक्ति था। वह पहाड़ों पर फिसलता था, चढ़ता था और घूमते फिरते हुए अपनी प्रेमिका के लिए बांसुरी बजाता था। स्थानीय लोगों में यह कथा बहुत मशहूर है।
क्या है नाम के पीछे की कहानी?
एक सोशल मीडिया पोस्ट में इस नाम की कहानी भी बताई गई है। सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार, यह तामातेआ-पोकाई-व्हेनुआ को एक श्रद्धांजलि है। तामातेआ एक माओरी समुदाय का प्रमुख यानी सरदार था। इसके साथ-साथ वह एक रिसर्चर भी था। उन्हें माओरी परंपरा में पौराणिक और साहसी व्यक्ति माना गया है।
इस नाम के पीछे की कहानी के अनुसार, उन्होंने लड़ाई में अपने किसी चाहने वाले को खो दिया था। अपने प्रिय की याद में वह इसी पहाड़ी पर रहा। हर सुबह वह एक पारंपरिक माओरी बांसुरी बजाते थे। यह उनका अपने प्रेम को याद करने का तरीका था। यह एक अजीब नाम नहीं बल्कि 85 अक्षरों में लिपटी एक कहानी है।
यह भी पढ़ें-- भारत आए मेसी ने लगाए 'हर हर महादेव' के नारे, देखें वीडियो
क्या बोले लोग?
इतना लंबा नाम देखकर लोग हैरान हैं और सोशल मीडिया पर इसको लेकर अलग-अलग रिएक्शन आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर एक व्यत्ति ने लिखा कि इस गांव के लोग डॉक्यूमेंट्स में अपने गांव का नाम कैसे लिखते होंगे। गोलमाल फिल्म का एक सीन शेयर किया जा रहा है, जिसमें एक्टर कह रहा है,'जल्दी बोल पनवेल निकलना है।'

एक अन्य व्यक्ति ने लिखा कि कहां गए वे सब लोग जो कहते थे कि इनकी इंग्लिश ज्यादा अच्छी है। अब इसे पढ़कर दिखाएं। एक अन्य व्यक्ति ने लिखा कि शायद दुनिया के सारे देशों के पहले अक्षर से एक नाम बना दिया। कुछ लोग मजाक में पूछ रहे हैं कि इस नाम को हिंदी में कैसे पढ़ा जाएगा।