सोशल मीडिया पर कई ऐसे वायरल वीडियो देखने को मिलते हैं जिसे देख कर समाज की मानसिकता पर सवाल खड़ा होता है। ऐसा ही एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक जोड़े के साथ कुछ लोगों को बदसलूकी करते हुए देखा जा रहा है। वायरल वीडियो टाउन थाना क्षेत्र से सटे लखीसराय-जमुई बॉर्डर इलाके का बताया जा रहा है। पुलिस इस वीडियो की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने तीन युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है ।
घटना में शामिल लोगों की पहचान भी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। Bajrang Yadav (@ByBajrangyadav) ने ठीक इसी वीडियो को शेयर करते हुए पोस्ट किया था। बिहार पुलिस वीडियो का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी के सामने PM मोदी की मिमिक्री कर छाए पुलकित मणि कौन हैं?
वीडियो में क्या है?
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो करीब एक से दो मिनट का है। बताया जा रहा है कि प्रेमी-प्रेमिका देर शाम स्कूटी से घूमने निकले थे। वीडियो में कुछ युवक स्कूटी सवार जोड़े को रोकते और उनसे पूछताछ करते नजर आ रहे हैं। लड़के उनके साथ अभद्रता कर रहे हैं। वीडियो में युवक लड़की से भी बदसलूकी करते दिख रहे हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो लखीसराय-जमुई बॉर्डर के सुनसान इलाके का है।
शाम के समय वहां अक्सर प्रेमी जोड़े घूमने जाते हैं। इसी का फायदा उठाकर कुछ असामाजिक तत्वों ने इस घटना को अंजाम दिया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश है। लोग ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: कौन हैं रिया कुमारी और मिलन पासवान, सोशल मीडिया पर क्यों छाई है इनकी लव स्टोरी?
पुलिस की प्रतिक्रिया
घटना की जानकारी मिलने के बाद जमुई पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। टाउन थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम वीडियो की सत्यता की जांच कर रही हैl पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। घटना में शामिल लोगों की पहचान भी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। वीडियो में दिख रहे सभी लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
बॉर्डर इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यदि वीडियो सत्य पाया गया तो आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी सूरत में कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। जोड़े के साथ यदि छेड़खानी हुई है तो यह गंभीर मामला है।
आरजेडी ने उठाए सवाल
इधर राष्ट्रीय जनता दल के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने इस घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है। अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे हैं। बेटियां और महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि जमुई की घटना बेहद शर्मनाक है। प्रेमी-प्रेमिका के साथ छेड़खानी कर वीडियो वायरल करना कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। सरकार को इस पर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। शक्ति यादव ने कहा कि टाउन थाना क्षेत्र से सटे इलाके में इस तरह की घटना होना पुलिस की लापरवाही को दिखाता है। पुलिस को गश्ती बढ़ानी चाहिए। साथ ही सुनसान इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करनी चाहिए।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
स्थानीय लोगों का कहना है कि लखीसराय-जमुई बॉर्डर इलाके में पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। सुनसान इलाका होने के कारण असामाजिक तत्व सक्रिय रहते हैं। शाम के समय वहां घूमने जाने वाले लोगों को निशाना बनाया जाता है। लोगों ने पुलिस से मांग की है कि बॉर्डर इलाके में पुलिस गश्ती बढ़ाई जाए और वहां सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। साथ ही ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वायरल वीडियो को ज्यादा शेयर न करें। इससे पीड़ितों की पहचान उजागर हो सकती है और उनकी निजता का हनन हो सकता है। पुलिस ने कहा कि यदि किसी के पास इस घटना से जुड़ी कोई जानकारी है तो वह पुलिस को दे सकता है। उसकी पहचान गुप्त रखी जाएगी।