पंजाब के पटियाला से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। एक टिप्पर यानी डंपर पलटने के विवाद में मालिक ने ड्राइवर को कुत्ते के पिंजरे में बंद कर दिया और उसे चप्पल से बेरहमी से पीटा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने इस मामले में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना पिछले सप्ताह की है और मारपीट का शिकार हुए युवक की पहचान प्रिंस के रूप में हुई है। प्रिंस ड्राइवर है, उसी के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। यह पूरा मामला टिप्पर पलटने के बाद शुरू हुए विवाद से जुड़ा है।
यह भी पढ़ें: जंतर-मंतर जाने को तैयार बैठे रहे कांग्रेसी, दफ्तर से आगे नहीं बढ़ पाए
क्या है पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ड्राइवर से रोपड़ में एक दुर्घटना हुई थी, उससे गाड़ी पलट गई थी। इस हादसे के बाद मामला आगे बढ़ा और इसके बाद टिपर मालिक पर प्रिंस के अपहरण का आरोप लगा। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में मालिक ड्राइवर को पिंजरे में बंद कर प्रताड़ित कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने ड्राइवर को जूते चप्पल और पैओं से मारा। इसके साथ ही माफी मांगने के लिए दबाव बनाया गया और नाक रगड़वाई।
आरोप है कि उस पर दबाव बनाया गया कि वह मालिकों से माफी मांगे और पुलिस थाने में जाकर उनके पक्ष में बयान दर्ज कराए। SP मोहित अग्रवाल के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, पुलिस इस मामले की जांच अभी जारी है।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
पुलिस के अनुसार, इस मामले में 1 अक्टूबर 2026 को FIR दर्ज की गई है। मामले में बीएनएस की धाराओं 140(2), 127(2), 191(3), 190, 115(2) और 351(2) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस की जांच का केंद्र वायरल वीडियो, युवक प्रिंस के साथ हुई कथित मारपीट और रोपड़ में हुए टिपर हादसे के बाद सामने आए घटनाक्रम पर है, आरोपों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।