सोशल मीडिया पर वंदे भारत ट्रेन के खाने को लेकर सवाल उठाया जा रहा है, जहां एक महिला ने पोस्ट के जरिए आरोप लगाया है कि वंदे भारत का खाना खाने से उसके होंठ सूज गए हैं। इस बात को सिद्ध करने के लिए महिला ने सोशल मीडिया पर अपने चेहरे के साथ मेडिकल रिपोर्ट भी शेयर की है। रिपोर्ट के जरिए दावा किया गया है कि खराब क्वालिटी के खाने की वजह से उनके होंठ पर एलर्जी हो गई। इसके अलावा महिला ने यह भी बताया कि दूषित खाना खाने की वजह से उनके 2 साल के बेटे का पेट खराब हो गया। महिला का नाम आयुषी सिंह है, जो वंदे भारत ट्रेन से वाराणसी से देवघर जा रही थी।
यह घटना 27 मार्च की है। आयुषी सिंह ने खराब क्वालिटी को लेकर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया था, जिसके जवाब में IRCTC की तरफ से प्रतिक्रिया आई है। IRCTC ने सफाई देते हुए कहा है कि ट्रेन में खाना परोसने से पहले जांच की गई थी और भोजन की क्वालिटी उचित थी। IRCTC के जवाब से आयुषी सिंह संतुष्ट नहीं हैं। सोशल मीडिया पर वंदे भारत ट्रेन के खाने को लेकर चर्चाओं का सिलसिला बढ़ गया है, जहां कई लोग अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं।
यह भी पढ़ें: 65 साल के आदमी ने खुद क्यों करा दी अपनी तेरहवीं? हैरान कर देगी वजह
महिला का आरोप
आयुषी ने पोस्ट के जरिए वंदे भारत ट्रेन के खाने को लेकर कहा, 'मैं 27 मार्च को वंदे भारत ट्रेन संख्या 22500 के कोच E1 में यात्रा कर रही थी और दोपहर का खाना खाने के बाद मुझे गंभीर एलर्जी हो गई, जो जानलेवा भी हो सकती थी अगर मैं जल्द से जल्द इलाज न कराती। मेरे दो साल के बेटे का भी पेट खराब हो गया।'
इसके अलावा दूसरे पोस्ट में आयुषी सिंह ने लिखा है, 'वंदे भारत एक्सप्रेस में मिलने वाला खाना बेहद घटिया था और कर्मचारियों का शिकायतों को लेकर रवैया भी खराब था। यह मेरा मेडिकल प्रिस्क्रिप्शन है, जिसमें वंदे भारत एक्सप्रेस 22500 में खाना खाने के बाद हुई गंभीर एलर्जी के बारे में लिखा है।'
यह भी पढ़ें: 65 साल के आदमी ने खुद क्यों करा दी अपनी तेरहवीं? हैरान कर देगी वजह
IRCTC का क्या है जवाब?
IRCTC ने आयुषी के दावे को खारिज करते हुए कहा है, 'उस दिन परोसे गए खाने की जांच की गई थी और वह पूरी तरह संतोषजनक था। इसके अलावा उसी दिन किसी अन्य यात्री की ओर से खाने को लेकर कोई शिकायत नहीं मिली।'
लोगों की प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर कई लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
डॉ. सौरभ नाम के एक व्यक्ति ने कहा, 'यह चिंता का विषय है, अथॉरिटी को तुरंत एक्शन लेना चाहिए।'
सिद्धार्थ सिंह ने कहा, 'वंदे भारत में कुछ दिन पहले 11 दिन पुराना दही परोसा गया था, जिसमें कीड़े थे।'