उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल की अलकनंदा नदी में एक बड़ा हादसा हुआ है। नदी में अचानक दो हाई स्पीड बोट टकरा गए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर अब वायरल हो रहा है। घटना पुरानी है। पौड़ी गढ़वाल के पास यह जगह प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां धारी देवी मंदिर के ठीक पास की है। धारी देवी मंदिर श्रीनगर से लगभग 14-15 किलोमीटर की दूरी पर बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-58) पर स्थित है।
20 फरवरी 2026 को सोशल मीडिया पर एक डरावना वीडियो सामने आया। वीडियो में नजर आ रहा है कि अलकनंदा नदी के शांत पानी में पर्यटकों को घुमाने वाली दो तेज रफ्तार 'स्पीडबोट्स' एक-दूसरे के बेहद करीब चल रही थीं। अचानक तालमेल बिगड़ने के कारण एक बोट दूसरी बोट के ऊपर पूरी तरह से चढ़ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वहां मौजूद लोग डर से चिल्लाने लगे।
यह भी पढ़ें: विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी श्वेतांबरी मिली राहत, सुप्रीम कोर्ट ने दी नियमित जमानत
बोट चालक नदी में गिरा और मची अफरा-तफरी
टक्कर लगते ही एक बोट का संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया और उसका चालक सीधे नदी में जा गिरा। ड्राईवर के गिरने के बाद बोट बिना किसी नियंत्रण के पानी में गोल-गोल घूमने लगी, जिससे ऐसा लग रहा था कि वह किसी भी पल पलट जाएगी या किनारे पर खड़े लोगों से टकरा जाएगी। यह वीडियो कब का है, इसके बारे में सटीक जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है।
सूझबूझ से बची सबकी जान
गनीमत यह रही कि उस समय बोट में ज्यादा पर्यटक सवार नहीं थे, वरना एक बहुत बड़ी जनहानि हो सकती थी। नदी में गिरे चालक ने हिम्मत नहीं हारी और तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहा। पास में मौजूद अन्य बोट संचालकों और स्थानीय लोगों ने तुरंत सक्रियता दिखाई और बेकाबू हुई बोट को नियंत्रित कर सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया।
यह भी पढ़ें: कुछ मिनट की देरी हुई तो एग्जाम देने से रोक दिया, फूट-फूटकर रोई लड़की
इस हादसे के बाद अब स्थानीय प्रशासन और बोट संचालकों पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि मनोरंजन के नाम पर सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। बोट चलाते समय उचित दूरी बनाए रखना और यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट की अनिवार्यता को लेकर अब सख्त नियमों की मांग की जा रही है।