पंजाब के बठिंडा से एक सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है, जिसमें एक स्कूटी सवार व्यक्ति और एक लड़की रोड रोलर के नीचे कुचले दिखाई दे रहे हैं। हादसे में व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई क्योंकि उसका सिर बुरी तरह फट गया था। वहीं लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। बच्ची अपने पिता के साथ कहीं जा रही थी। इसी दौरान स्कूटी स्लिप हो गई और दोनों रोड रोलर के नीचे आ गए।
यह हादसा बठिंडा के गणेश बस्ती की गली नंबर 9 का बताया जा रहा है। गली में रोड रोलर काम कर रहा था। उसी दौरान स्कूटी रोड रोलर के पास से गुजर रही थी, तभी स्कूटी अचानक स्लिप होकर गिर गई। इसी समय रोड रोलर पीछे की तरफ चल रहा था, जिससे पिता और बेटी दोनों उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद रोड रोलर चालक भी सदमे में आ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत बच्ची को उठाया और पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घायल बच्ची का नाम मन्नत बताया जा रहा है, जिसकी उम्र 9 साल है। उसके पिता का नाम विशाल गुप्ता था। हादसे के बाद विशाल गुप्ता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें: ड्यूटी करने में दुखती थी गर्दन, हो गया 6 फीट 6 इंच के बस कंडक्टर का ट्रांसफर
सीसीटीवी फुटेज में क्या दिखा?
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि गली में रोड रोलर पीछे की तरफ चल रहा था। उसी दौरान एक स्कूटी रोड रोलर के बगल से गुजरने की कोशिश करती है, लेकिन अचानक डिस्बैलेंस होकर गिर जाती है। तभी दूसरा रोड रोलर भी उसी दिशा में आ जाता है और पिता-बेटी उसकी चपेट में आ जाते हैं। वीडियो देखने के बाद लोग बच्ची मन्नत के जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं और हादसे पर दुख जता रहे हैं।
यह भी पढ़ें: 'रात में अश्लील मैसेज करता है..', BJP की महिला नेता ने पदाधिकारी पर लगाए आरोप
बच्ची को अस्पताल कौन लेकर गया?
हादसे की जानकारी मिलते ही समाजसेवी संस्था नौजवान वेलफेयर सोसाइटी की एंबुलेंस मौके पर पहुंची। संस्था के वॉलंटियर सुमित महेश्वरी, गौतम शर्मा और आकाश गर्ग ने मिलकर मन्नत को अस्पताल पहुंचाया। पहले बच्ची को सोसाइटी के नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दूसरे अस्पताल रेफर करने की सलाह दी।