उत्तर प्रदेश के कानपुर में पुलिस भर्ती की शारीरिक मानक परीक्षा के दौरान दो जुड़वां भाइयों का फर्जीवाड़ा सामने आया है। आगरा के रहने वाले भूपेंद्र ने पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा पास की थी लेकिन फिजिकल टेस्ट में उसकी लंबाई तय मानक से कम निकली। इसके बाद उसने दोबारा नाप की अपील की और अपनी जगह अपने जुड़वां भाई भूपेश को परीक्षा देने के लिए भेज दिया।
दोनों भाइयों का चेहरा काफी मिलता है और उन्होंने एक जैसे कपड़े पहनकर यह फर्जीवाड़ा करने की कोशिश की। पहली जांच में भूपेंद्र की लंबाई 166.4 सेंटीमीटर मिली थी जबकि दूसरी जांच में भूपेश की लंबाई 169.6 सेंटीमीटर निकली। दोनों नाप में 3.2 सेंटीमीटर का अंतर देखकर अधिकारियों को शक हुआ।
यह भी पढ़ें: सेमरिया गुरुकुल कन्या विद्यालय में गिरी जर्जर दीवार, बाल-बाल बचीं छात्राएं
पहली जांच में कम निकली लंबाई
29 अगस्त को कानपुर पुलिस लाइन में भूपेंद्र की शारीरिक नापजोख हुई थी। उसकी लंबाई 166.4 सेंटीमीटर और छाती की माप 79 सेंटीमीटर दर्ज की गई। लंबाई तय मानक से कम होने के कारण उसे भर्ती के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया। इसके बाद भूपेंद्र ने दोबारा नापजोख कराने के लिए अपील की। पुलिस के अनुसार, इसी मौके का फायदा उठाकर दोनों भाइयों ने अपनी योजना बनाई। दूसरी जांच में भूपेंद्र की जगह उसका जुड़वां भाई भूपेश पहुंच गया और खुद को उसने भूपेंद्र बताया।
दूसरी बार नाप में लंबाई 169.6 सेंटीमीटर आई। पहली बार 166.4 और दूसरी बार 169.6 सेंटीमीटर की लंबाई सामने आने पर अधिकारियों को गड़बड़ी का शक हुआ। दोनों भाइयों का चेहरा एक जैसा होने के कारण पहचानना थोड़ा मुश्किल था।
यह भी पढ़ें: निशांत कुमार को माला पहनाने गए, चोर ले उड़े गले से 7 लाख की चेन
फिंगरप्रिंट से खुला पूरा मामला
लंबाई में इतना अंतर देखकर अधिकारियों ने उन दोनों की पहचान की जांच शुरू की । इसके बाद बायोमेट्रिक जांच कराई गई। फिंगरप्रिंट और रेटिना का मिलान नहीं हुआ। इससे साफ हो गया कि दूसरी बार जांच के लिए जो युवक पहुंचा वह भूपेंद्र नहीं बल्कि उसका जुड़वा भाई भूपेश है।
पुलिस के अनुसार, दोनों भाइयों ने योजना बनाई थी कि भूपेश की ज्यादा लंबाई दर्ज हो जाएगी और इसके बाद वह वहां से निकल जाएगा। फिर भूपेंद्र दोबारा अपनी जगह ले लेगा। दोनों को उम्मीद थी कि एक जैसे चेहरे की वजह से उनकी पहचान नहीं हो पाएगी लेकिन लंबाई के अंतर ने अधिकारियों का ध्यान खींच लिया।
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उनके पास से मोबाइल फोन और आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, एटीएम कार्ड समेत कई दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।