पश्चिम बंगाल के टॉलीगंज से BJP विधायक पापिया अधिकारी ने दावा किया है कि पटाखे फोड़ने से कई बीमारियां ठीक हो सकती हैं। वह अपने विधानसभा क्षेत्र में एक काली पूजा का उद्घाटन करने पहुंची थीं। जब वह यह कह रही रहीं थीं, तभी लोगों ने उनके सामने ही पटाखा फोड़ दिया।
पापिया अधिकारी ने अपना भाषण जारी रखा और कहा कि आप देखेंगे कि पटाखे फोड़ने से कई बीमारियां ठीक हो जाएंगी। यह बयान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के उस विशेष संदेश के कुछ दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने काली पूजा और दिवाली पर पटाखे फोड़ने की बात कही थी।
यह भी पढ़ें: पटाखे फोड़ने पर 3 महीने जेल, 50 हजार का जुर्माना; इस राज्य में नया कानून
'बिना पटाखे कैसे होगी काली पूजा'
पापिया अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पटाखे फोड़ने की बात कही है। उन्होंने सवाल किया कि पटाखों के बिना काली पूजा कैसे पूरी हो सकती है। उन्होंने कहा कि पटाखे जरूर फोड़े जाएंगे, लेकिन पुलिस की गाइडलाइन का पालन किया जाएगा।
सीएम शुभेंदु ने भी कहा था- फोड़ो पटाखे
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने एमहर्स्ट स्ट्रीट और खालिशानी समेत कई काली पूजा पंडालों के उद्घाटन के मौके पर भी यही बात कही थी। उन्होंने कहा था कि त्योहार के दौरान पटाखे फोड़े जाएंगे। मुख्यमंत्री ने लोगों से यह भी अपील की थी कि इको-फ्रेंडली या ग्रीन पटाखों का ही इस्तेमाल करें। उन्होंने ध्वनि प्रदूषण के नियमों का पालन करने की भी बात कही थी।
यह भी पढ़ें: ग्रीन पटाखे बच्चों की सेहत के लिए कितने खतरनाक? डॉक्टरों से समझें
प्रदूषण का हाल कैसा रहा?
देश की राजधानी दिल्ली में प्रदूषण की वजह से लोग बेहाल हैं। दिवाली की रात एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) बहुत खराब रही। शहर के आधे से ज्यादा एयर क्वॉलिटी स्टेशन आधी रात के आसपास बंद हो गए या डेटा देना बंद कर दिया। जो स्टेशन चलते रहे, उनमें करीब 80 प्रतिशत ने रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक हवा को बहुत खराब बताया।
रात 9 बजे तक 57 स्टेशनों में से 61 प्रतिशत में AQI 400 से ऊपर था। मौसम थोड़ा गर्म रहने से फायदा हुआ, लेकिन पटाखे तय सीमा से ज्यादा जलाने के बावजूद हवा लगभग सबसे खराब स्तर के करीब पहुंच गई। देश के बड़े शहरों का हाल भी लगभग ऐसा ही रहा। कोलकाता से लेकर काशी तक एक प्रदूषण की वजह से गैस चैंबर बने हैं।