logo

मूड

ट्रेंडिंग:

इंस्टा से बनाई गर्लफ्रेंड, मिलने गया तो अपनी बीवी निकली, अब होगा तलाक!

एक शख्स ने इंस्टाग्राम के जरिए एक महिला से दोस्ती की और कुछ दिनों बाद मिलने पहुंचा तो हैरान रह गया। जिससे वह चैटिंग कर रहा था वह उसी की पत्नी थी।

symbolic images

सांकेतिक तस्वीर, photo credit: ai

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक पत्नी को अपने पति की हरकतों पर शक था कि उसका पति उसको धोखा देकर दूसरी लड़कियों से बात करता था। पत्नी ने कुछ ऐसी योजना बनाई की पति की करतूतों को बेनकाब कर दिया। पत्नी ने पति को सोशल मीडिया पर एक फेक अकाउंट बनाकर फ्रेंड बनाया और कुछ दिन बात करने के बाद एक रेस्टोरेंट में मिलने बुलाया। पति मिलने गया तो सामने अपनी पत्नी को देखकर हैरान रह गया है। दोनों के बीच विवाद हुआ तो बात पुलिस तक भी पहुंच गई। 

 

यह मामला मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर के माधौगंज इलाके का है। 23 साल की युवती की शादी 2023 में एक प्राइवेट कंपनी के सेल्समैन से हुई थी। शादी के बाद से ही वह अक्सर अपने फोन में बिजी रहता, बाहर जाकर कॉल करता और देर रात तक इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर चैट करता। पत्नी जब पूछती तो वह इसे ऑफिस का काम बताकर टाल देता। पत्नी को पति की हरकतों पर शक हुआ तो उसने पति की सच्चाई पता लगाने के लिए एक योजना बनाई। उसने इंस्टाग्राम पर एक फेक अकाउंट बनाया और अपने पति को फ्रेंड बनाया। इसके बाद पति की हरकतें महिला के सामने आने लगी।  

 

ये भी पढ़ें- मौत के बाद हेयर ट्रांसप्लांट की चर्चा! कितनी बड़ी है इंडस्ट्री?

 

दो महीने तक चली दोस्ती 

 

पत्नी ने अपनी फेक आईडी पर एक सुंदर लड़की की फोटो लगाई। उसके पति ने उसकी फेक आईडी से भेजी गई फ्रेंड रिक्वेस्ट एक्सेप्ट कर ली। अब पति अपनी इंस्टाग्राम वाली नई गर्लफ्रेंड से घंटों बात करता था। वह इस बात से अनजान था कि जिस लड़की से वह बात कर रहा है वह उसकी पत्नी है। पत्नी ने कुछ दिनों बाद अपनी बहन से वॉयस कॉल पर उसकी बात भी करवाई ताकि उसे विश्वास हो सके। पत्नी फेक आईडी से करीब दो महीने अपने पति से प्रेमभरी बातें करती रही। दो महीने बाद दोनों ने मिलने की योजना बनाई।

 

रेस्टोरेंट में मिलने बुलाया


दो महीने तक बात करके पत्नी को पूरा विश्वास हो गया कि अब पति फंस चुका है, तब उसने अपने फेक अकाउंट से ही पति को मिलने के लिए कहा। दोनों ने योजना बनाई कि वे पास के एक रेस्टोरेंट में मिलेंगे। पत्नी अपने पति से पहले ही रेस्टोरेंट पहुंच गई। उसका पति जैसे ही वहां पहुंचा तो वह अपनी पत्नी को देखकर चौंक गया। वह अपनी पत्नी से कहने लगा कि वह एक क्लाइंट से मिलने यहां आया है लेकिन पत्नी को तो सारी कहानी पता थी। पत्नी ने अपने पति को उसकी इंस्टाग्राम चैट दिखाई और कॉल रिकॉर्डिंग भी सुनाई। पति के पास अब बोलने को कुछ नहीं रहा। उसका झूठ अब सबके सामने था। 

 

रेस्टोरेंट में हुआ हंगामा


इस दौरान रेस्टोरेंट में ही हंगामा हुआ। पत्नी ने अपने पति की पोल खोल दी तो पति के पास बोलने के लिए कुछ नहीं बचा। हंगामा बढ़ा तो इस बात की जानकारी पुलिस को दी गई। पत्नी ने अपने पति पर धोखा देने और शादी के बावजूद अविवाहित बताकर लड़कियों को फंसाने को आरोप लगाया। पत्नी अपने पति से तलाक की मांग करने लगी। पति के पास अब अपने बचाव में बोलने के लिए कुछ नहीं था। पति उल्टा अपनी पत्नी पर ही आरोप लगाने लगा कि उसकी पत्नी ने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया है। पुलिस को मामला पेचीदा लगा तो उन्होंने दोनों पति पत्नी को काउंसलिंग के लिए भेज दिया।

 

यह भी पढ़ें: हाई ब्लड प्रेशर के मरीज फॉलो करें Dash डाइट, हृदय रोग का खतरा होगा कम!

 

पति को हुआ गलती का अहसास


पुलिस ने पति और पत्नी को काउंसलिंग केंद्र में भेज दिया। इसके बाद काउंसलर महेंद्र शुक्ला के साथ दोनों की एक महीने तक काउंसलिंग चली। महेंद्र शुक्ला ने बताया कि पति ने अपनी गलती मान ली है और उसने भविष्य में इस तरह की हरकत दोबारा न करने का वादा किया है। इसके बाद पति पत्नी दोनों एक साथ घर लौट गए और अब वह फिर से एक साथ रह रहे हैं। इस मामले में पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करने के बजाए दोनों की काउंसलिंग करवाई जिससे तलाक लेने का फैसला कर चुकी पत्नी ने अपना फैसला बदल लिया। पति ने अपनी गलती मानी तो पत्नी ने भी समझदारी दिखाते हुए पति के साथ रहने पर सहमति जता दी। पुलिस की समझदारी और काउंसलर महेंद्र शुक्ला के काम से दोनों का रिश्ता टूटने से बच गया।


और पढ़ें