पेट्रोलियम उत्पादों के दाम लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। डीजल-पेट्रोल के दाम 100 रुपये के पार जा चुके हैं और अब CNG के दाम में एक बार फिर से बढ़ोतरी हो गई है। इस बार दिल्ली में CNG के दाम में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है। अब दिल्ली में एक किलो CNG की कीमत 83.09 रुपये हो गई है। यह जानना जरूरी है कि CNG के दाम में अलग-अलग शहरों में अलग-अलग बढ़ोतरी की जाती है।
वैश्विक स्तर पर जारी संकट के चलते पेट्रोलियम उत्पादों के लिए जरूरी कच्चे तेल की सप्लाई कुछ समय के लिए प्रभावित हुई थी। कच्चे तेल के दाम भी आसमान छू रहे थे लेकिन अब इसमें कमी आने लगी है। हाल ही में डेटा सामने आया है कि जनवरी से मार्च के बीच भारत की तीन प्रमुख पेट्रोलियम कंपनियों ने बंपर मुनाफा भी कमाया है।
यह भी पढ़ें: 3 महीने में 19470 करोड़ का फायदा, हो गया तेल कंपनियों की असली कमाई का खुलासा
4 बार में 6 रुपये महंगी हुई CNG
दिल्ली में 15 मई को CNG के दाम में 2 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। इसके बाद 17 मई को 1 रुपये, 23 मई को 1 रुपये और अब 26 मई को एक किलो सीएनजी के दाम में कुल 2 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इस तरह 12 दिन में कुल चार बार हुई बढ़ोतरी से चलते एक किलो CNG की कीमत में 6 रुपये का इजाफा हो चुका है। मुंबई में भी CNG के दाम में 2 रुपये की बढ़ोतरी हुई है और अब वहां CNG की कीमत 84 रुपये प्रति किलो हो गई है।
गैस के दाम बढ़ने के बाद एक ऑटो ड्राइवर ने पीटीआई से बातचीत में कहा, 'गैस के दाम बढ़े जा रहे हैं, काम-धंधा बिल्कुल है ही नहीं। रैपिडो बाइक चल गई हैं, अब ऑटो में सवारी कहा बैठती है। कम से कम खाने-पीने की चीजें सस्ती करो। 700 रुपये भी कमाना अब मुश्किल हो गया है।' एक और ड्राइवर ने कहा, 'ऑटो-टैक्सी वाले सब परेशान हैं। महंगाई बहुत बढ़ गई है। हमारे लिए बहुत दिक्कत की बात है। सरकार इसका कुछ निदान करे। गैस और सीएनजी पर कुछ विचार करना चाहिए।'
यह भी पढ़ें: 10 दिन में चौथी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, नई दरें जानिए
कहां, कितने में मिलेगी एक किलो CNG?
दिल्ली- 83.09 रुपये
मुंबई- 84.00 रुपये
कोलकाता-93.50 रुपये
पुणे-92.50
नोएडा-91.70 रुपये
