भारत के बाजार में निवेश करने वाले हर व्यक्ति के लिए यह जानना सबसे जरूरी होता है कि उसका पैसा कितने समय में दोगुना होगा। मार्केट रेगुलेटर सेबी भी लोगों को इसके लिए 'रूल ऑफ 72' इस्तेमाल करने की सलाह देता है। यह फॉर्मूला यह समझने का सबसे आसान तरीका है कि कम्पाउंडिंग यानी ब्याज पर ब्याज मिलने से पैसा कितनी तेजी से बढ़ता है।

 

इस फॉर्मूले को इस्तेमाल करना बहुत आसान है। आपको बस 72 नंबर को अपने निवेश पर मिलने वाले सालाना ब्याज या रिटर्न की कीमत से भाग देना होता है। इससे जो नंबर आता है, उतने ही सालों में आपका पैसा डबल हो जाता है। अगर आपको किसी स्कीम पर साल का 8 परसेंट रिटर्न मिल रहा है, तो 72 को 8 से भाग देने पर 9 आएगा। यानी आपका पैसा 9 साल में डबल होगा।

 

यह भी पढ़ें: माया टाटा संभालेंगी वेस्टसाइड की कमान, जानें कौन हैं टाटा ग्रुप की नई लेडी बॉस?

फिक्स्ड डिपॉजिट (FD)

फिक्स्ड डिपॉजिट को सबसे सुरक्षित निवेश माना जाता है क्योंकि इसमें बाजार का कोई जोखिम नहीं होता। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के आंकड़ों के मुताबिक, इस समय बड़े बैंकों में लंबे समय की एफडी पर करीब 7 परसेंट से लेकर 7.5 परसेंट तक का साल का ब्याज मिल रहा है। रूल ऑफ 72 के हिसाब से 7 परसेंट ब्याज पर पैसा डबल होने में करीब 10 साल और 3 महीने का समय लगेगा। वहीं अगर ब्याज दर 7.5 परसेंट है तो यह समय घटकर करीब 9 साल 7 महीने रह जाता है।

गोल्ड रिटर्न

सोना हमेशा से ही बुरे समय का सबसे पक्का साथी माना गया है। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (WGC) के रिपोर्ट को देखें तो सोने ने लंबे समय में निवेशकों को बहुत बढ़िया मुनाफा और सुरक्षा दोनों दिया है। पिछले कई सालों के रिकॉर्ड बताते हैं कि सोने ने हर साल करीब 10 परसेंट से 11 परसेंट तक का रिटर्न दिया है। 72 के नियम के मुताबिक, सोने में लगाया गया आपका पैसा करीब 6 साल 6 महीने से लेकर 7 साल के अंदर डबल हो जाता है।

रियल एस्टेट

जमीन या मकान में निवेश का सही अंदाजा लगाने के लिए नेशनल हाउसिंग बैंक (NHB) का 'रेजिडेक्स (RESIDEX) हाउस प्राइस इंडेक्स' देश के बड़े शहरों में प्रॉपर्टी की कीमतों में होने वाले बदलावों को ट्रैक करता है। इस रिपोर्ट के  मुताबिक, भारत के प्रमुख शहरों में रियल एस्टेट सेक्टर ने पिछले सालों में करीब 6 परसेंट से 8 परसेंट तक का साल का रिटर्न दिया है। अगर हम इसका एक रिटर्न 7 परसेंट भी मान लें तो रियल एस्टेट में पैसे को डबल होने में लगभग 10 साल का समय लगता है। यह रिटर्न पूरी तरह से इस बात पर निर्भर करता है कि आपकी प्रॉपर्टी किस शहर और किस जगह पर है।

 

यह भी पढ़ें: सबसे कम खतरा किन स्टार्टअप में होता है? सोच समझकर चुनें, नहीं डूबेगा पैसा

सेविंग्स अकाउंट

ज्यादातर लोग अपने रोज के खर्चों के लिए बैंक के सेविंग्स अकाउंट में पैसा रखना पसंद करते हैं। आरबीआई के नियमों के मुताबिक, देश के बड़े और सरकारी बैंकों में सेविंग्स अकाउंट पर इस समय करीब 3 परसेंट से लेकर 4 परसेंट तक का साल का ब्याज मिल रहा है। 72 के नियम के हिसाब से अगर हम 3 परसेंट का ब्याज मानकर चलें, तो सेविंग्स अकाउंट में रखे हुए पैसे को डबल होने में करीब 24 साल का एक लंबा समय लग जाता है। वहीं, अगर कोई बैंक 4 परसेंट का ब्याज दे रहा है, तो यह समय घटकर 18 साल हो जाता है। सुरक्षित होने के बावजूद इसमें पैसा बढ़ने की रफ्तार सबसे धीमी होती है।