उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले में बना जेवर एयरपोर्ट यानी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब उद्घाटन के लिए तैयार है। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे और कुछ ही दिनों में यहां से हवाई जहाजों की उड़ान शुरू हो सकती है। इस उड़ान से पहले एयरपोर्ट के आसपास के इलाकों में जमीन, फ्लैट और अपार्टमेंट के रेट आसमान छूने लगे हैं। पिछले 5 साल में ही यमुना एक्सप्रेसवे के आसपास के घरों के दाम दो से तीन गुना बढ़ गए हैं। वहीं, प्लॉट की कीमतों में 5 गुना तक इजाफा हुआ है। उम्मीद जताई जा रही है कि मौजूदा कीमत की तुलना में अगले दो साल में ही इस क्षेत्र में मौजूदा प्रॉपर्टी की कीमत 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ सकती है।
साल 2021 से बन रहे इस एयरपोर्ट के चलते नोएडा से अलीगढ़ और टप्पल तक की प्रॉपर्टी के दाम बढ़ गए हैं। जिन बिल्डरों ने यहां रिहायशी या कॉमर्शियल प्रोजेक्ट लॉन्च किए हैं, उनकी कीमतों में भी जबरदस्त इजाफा देखने को मिला है। प्लॉट की कीमतें तो देखते ही देखतें दोगुनी-तीन गुनी हो गई हैं। अब कयास लगाए जा रहे हैं कि यही ट्रेंड आगे आने वाले सालों में भी जारी रहेगा। एयरपोर्ट का संचालन शुरू होने के बाद इस इलाके में कई लग्जरी होटल और कॉरपोरेट हाउसेज के आने की भी उम्मीद जताई जा रही है। इसके अलावा, गुरुग्राम और फरीदाबाद शहरों से इसके जुड़ जाने के चलते एयरपोर्ट भी कुछ ही सालों में बेहद बिजी हो सकता है।
कितने बढ़ेंगे दाम?
स्क्वायर यार्ड्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अगले दो साल में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास के प्लॉट की कीमतों में 28 प्रतिशत और अपार्टमेंट की कीमतों में 22 प्रतिशत का इजाफा हो सकता है। पिछले पांच साल में ही अपार्ट की कीमतों में तीन गुना का इजाफा हो चुका है और प्लॉट के दाम औसतन डेढ़ गुना हो चुके हैं। वहीं, कुछ सेक्टर में यह बढ़ोतरी 5 गुना तक हुई है।
यह भी पढ़ें: कब से उड़ेगी फ्लाइट, कहां-कहां जा सकेंगे? जेवर एयरपोर्ट से जुड़े हर सवाल का जवाब
इसको अगर कीमत के हिसाब से समझें तो अगर आपने पांच साल पहले इस क्षेत्र में कोई अपार्टमेंट 1 करोड़ रुपये में लिया था तो उसकी कीमत अब लगभग 3 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। इसी तरह एक करोड़ में खरीदे गए प्लॉट की कीमत अब डेढ़ से 2 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। इस रिपोर्ट के मुताबिक यही कीमत अगले दो साल में अपार्टमेंट के लिए लगभग 3.75 करोड़ और प्लॉट के लिए 2.5 करोड़ तक पहुंच सकती है।
यही रिपोर्ट बताती है कि साल 2020 से 2025 के बीच यमुना एक्सप्रेसवे पर स्थित प्रॉपर्टी की कीमतें देजी से बढ़ी हैं। पिछले साल प्लॉट की कीमत औसतन 2500 रुपये वर्ग फुट थी जो 2027 तक 3200 रुपये वर्ग फुट तक जा सकती है। इसकी तरह अपार्टमेंट की कीमत 9600 रुपये वर्ग फुट तक थी जो अगले साल तक 11,800 रुपये प्रति वर्ग फुट तक जा सकती है।
यह भी पढ़ें: 'थार ले ली पेट्रोल के पैसे न हैं', जेवर में मुआवजा पाने वालों ने बताया हाल
कनेक्टिविटी है सबसे अहम वजह
जेवर एयरपोर्ट की सबसे बड़ी खासियत इसकी कनेक्टिविटी है। यह यमुना एक्सप्रेसवे पर स्थित है जिसके चलते एक घंटे में आप दिल्ली से इस एयरपोर्ट तक पहुंच सकते हैं। भविष्य में गंगा एक्सप्रेसवे से भी इसे जोड़ने की योजना है। थोड़ी ही दूर पर ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस है जिसके जरिए आप बागपत, गाजियाबाद, पलवल और बुलंदशहर जैसे शहरों से भी इस एयरपोर्ट तक आसानी से पहुंच सकते हैं। इसके अलावा, फरीदाबाद को सीधे एयरपोर्ट से जोड़ने के लिए जेवर लिंक एक्सप्रेसवे पर तेजी से काम चल रहा है। यह सड़क तैयार हो जाने के बाद फरीदाबाद और बल्लभगढ़ जैसे शहरों के अलावा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से भी कनेक्टिविटी मिल जाएगी।
बाद में इसे मेट्रो के जरिए भी जोड़ा जाएगा। इसके अलावा, सेमी हाई स्पीड ट्रेन के जरिए भी इसे दिल्ली समेत कुछ शहरों से जोड़ा जा सकता है। फिलहाल, यह नोएडा एयरपोर्ट का पहला फेज शुरू हो रहा है। आने वाले समय में इस एयरपोर्ट को एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनाने की तैयारी है।
