उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब बनकर तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मार्च को इस एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। करीब 11,200 करोड़ की लागत से बने इस एयरपोर्ट का पहला चरण पूरा होने के बाद अब इस पर उड़ानें शुरू हो जाएंगी या नहीं और किन शहरों के लिए उड़ाने शुरू होंगी। इस तरह के कई सवाल इस एयरपोर्ट से जुड़े लोगों के मन में आ गए हैं।
इस एयरपोर्ट के उद्घाटन के लिए 28 मार्च की डेट तय की गई है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय के मुताबिक, पीएम मोदी सुबह करीब 11 बजकर 30 मिनट पर एयरपोर्ट के टर्मिनल का निरीक्षण करेंगे और दोपहर 12 बजे इसका औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। यह एयरपोर्ट दिल्ली-एनसीआर के लिए दूसरा बड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट होगा, जो इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट का दबाव कम करने में मदद करेगा।
यह भी पढ़ें: 'मैं उसे जानता हूं लेकिन...', वायरल वीडियो पर फंसे नरहरि झिरवाल ने क्या कहा?
कब शुरू होंगी उड़ानें?
अब लोगों के मन में एक ही सवाल है कि क्या 28 मार्च से ही इस एयरपोर्ट से उड़ाने शुरू हो जाएंगी या इसमें अभी समय लगेगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, उद्घाटन के बाद उड़ानें शुरू होने में कुछ दिनों का समय लग सकता है। अभी तक इसका समय तय नहीं किया गया है। नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू के अनुसार, एयरोड्रम लाइसेंस मिलने और फ्लाइट सर्विस शुरू होने में आमतौर पर 45 दिनों का अंतर होता है। इस एयरपोर्ट को 11 मार्च को एयरोड्रम लाइसेंस मिल गया है। ऐसे में अब अप्रैल महीने के आखिरी हफ्ते तक इस एयरपोर्ट पर उड़ाने शुरू हो सकती हैं।
कौन सी एयरलाइंस के फ्लाइट उड़ेंगे?
- इंडिगो घरेलू उड़ानों पर जोर दे रहा है।
- अकासा एयर भी उड़ाने शुरू करेगी।
- एयर इंडिया एक्सप्रेस इंडरनेशनल उड़ानों पर ज्यादा फोकस करेगी।
किन शहरों से हो सकती है कनेक्टिविटी?
- मुंबई
- बेंगलुरु
- हैदराबाद
- कोलकाता
- पुणे
- लखनऊ
- अहमदाबाद
- चेन्नई
- गोवा
- जयपुर
कब शुरू होगी टिकट बुकिंग?
इस एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स कब से उड़ेंगी इस बारे में अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। हालांकि, रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि अगर सब कुछ सही रहता है तो जेवर एयरपोर्ट से अप्रैल के आखिरी हफ्ते या मई की शुरूआत में उड़ानें शुरू हो सकती हैं। उड़ानें शुरू होने का शेड्यूल जारी करने के साथ ही एयरलाइंस अपना शेड्यूल जारी करेंगी और टिकट बुकिंग की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।
इन सड़कों से है कनेक्टिविटी
देश में शायद ही कोई एयरपोर्ट होगा जो नोएडा एयरपोर्ट जैसी कनेक्टिविटी से जुड़ा होगा। आमतौर पर एयरपोर्ट एक या दो मार्ग से जुड़े होते हैं। नोएडा एयरपोर्ट यमुना एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के अलावा यमुना प्राधिकरण की 60 व 130 मीटर चौड़ी सड़क से जुड़ा होगा। इसके अलावा रीजनल रेपिड ट्रांजिट सिस्टम से भी इस एयरपोर्ट को कनेक्ट किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: 'जगन को जान से मारना बड़ी बात नहीं होगी...', केंद्रीय मंत्री के बयान पर मचा बवाल
20 मिनट में दिल्ली पहुंचेंगे यात्री
जेवर एयरपोर्ट को दिल्ली से वाराणसी तक प्रस्तावित हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन से भी जोड़ा जाना है। अधिकारियों का कहना है कि बुलेट ट्रेन परियोजना पूरी होने के बाद दिल्ली के सराय काले खां से नोएडा एयरपोर्ट का 70 किलोमीटर का सफर करीब 20 मिनट में पूरा हो जाएगा। इससे नोएडा एयरपोर्ट हाईस्पीड ट्रेन से सीधे जुड़ने वाला पहला अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बन जाएगा। इस बुलेट ट्रेन से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए इस एयरपोर्ट का इस्तेमाल करना फायदेमंद हो जाएगा।