ऑस्ट्रेलिया में अमेजन को बड़ा झटका लगा है। ऑस्ट्रेलियन कंपटीशन एंड कंज्यूमर कमीशन (ACCC) ने अमेजन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ संघीय अदालत में मुकदमा दायर किया है। आरोप है कि कंपनी ने प्राइम वीडियो में विज्ञापन शुरू करके और बिना विज्ञापन देखने के लिए अतिरिक्त पैसे मांगकर ग्राहकों के साथ अनुचित व्यवहार किया।
ACCC का कहना है कि अमेजन ने अपने प्राइम सब्सक्रिप्शन अनुबंधों में कई अनुचित शर्तें रखी थीं। इन शर्तों का इस्तेमाल करके कंपनी ने 2024 में प्राइम वीडियो पर विज्ञापन लगाना शुरू कर दिया। जो ग्राहक सालाना सदस्यता के पैसे पहले ही जमा कर चुके थे, उन्हें अचानक विज्ञापनों वाला वर्जन देखना पड़ा। बिना विज्ञापन देखने के लिए उन्हें हर महीने अतिरिक्त 2.99 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर चुकाने पड़ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: ईरान ने Amazon के 3 डेटा सेंटर्स पर किया हमला, फ्लाईट से स्टॉक मार्केट तक सब बंद
ऐड फ्री का प्लान लिया, फिर भी देने पड़े पैसे
इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक नवंबर 2023 से अगस्त 2025 के बीच 10 लाख से ज्यादा सालाना प्राइम सब्सक्राइबर्स प्रभावित हुए। जुलाई 2024 में विज्ञापन शुरू होने के समय 8.5 लाख से अधिक ग्राहकों ने पहले से ही साल भर की सदस्यता के पैसे दिए हुए थे। नियामक का आरोप है कि इससे ग्राहकों को उनकी सेवाएं घटा दी गईं और उन्हें अतिरिक्त भुगतान करने के लिए मजबूर किया गया।
अमेजन ने नहीं मानी शर्तें
ACCC चेयरमैन जिना कैस-गॉटलिब ने कहा कि अमेजन ने इन अनुचित शर्तों के आधार पर प्राइम वीडियो में बड़े बदलाव किए बिना ग्राहकों को कोई मुआवजा या रिफंड नहीं दिया। संस्था ने अमेज़न.कॉम सर्विसेज LLC पर भी आरोप लगाया है कि उसने ऑस्ट्रेलियाई अनुबंध तैयार करने में मदद की और इस गलत काम में भाग लिया।
यह भी पढ़ें: Netflix, Amazon Prime और Youtube में सबसे ज्यादा क्या देखते हैं लोग?
अब आगे क्या?
अमेजन ऑस्ट्रेलिया के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी ACCC द्वारा दायर मामले की विस्तार से समीक्षा कर रही है और जांच के दौरान पूरी तरह सहयोग किया है। ACCC अब अदालत से घोषणा, जुर्माना, ग्राहकों को मुआवजा और अन्य राहत की मांग कर रही है। प्राइम वीडियो को शुरू से ही बिना विज्ञापन वाली सेवा के रूप में बेचा गया था, लेकिन 2024 में अमेजन ने कई देशों में विज्ञापन शुरू कर दिए।


