इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध में अब डेटा सेंटर्स टारगेट पर हैं। ईरान ने यूएई और बहरीन में स्थित अमेजन के तीन डेटा सेंटर्स को ड्रोन हमलों में नुकसान पहुंचाया है। सोमवार देर रात अमेजन ने बताया कि यूएई में दो और बहरीन में स्थित एक डेटा सेंटर को ईरान के हमले में नुकसान पहुंचा है। इसके साथ ही कंपनी ने बताया कि हमले के चलते उन्होंने सेवाओं को बंद कर दिया है। डेटा सेंटर्स पर टारगेट करने से क्लाउड सर्विस ठप्प हो सकती है, जिससे पश्चिमी एशिया के देशों में कंप्यूटिंग सुविधाएं बंद हो सकती हैं।
कंपनी की ओर से जारी बयान में बताया गया, 'इन हमलों से स्ट्रक्चरल नुकसान हुआ है, हमारे इंफ्रास्ट्रक्चर में पावर सप्लाई में रुकावट आई है और कुछ मामलों में आग बुझाने के काम करने पड़े, जिससे पानी का और नुकसान हुआ है।' इसके साथ ही कंपनी ने लंबे समय तक सर्विस बंद होने की आशंका भी जताई है।
यह भी पढ़ें: 2 करोड़ की फ्लाइट टिकट! जान बचाने के लिए सब दांव पर लगा रहे युद्ध में फंसे लोग
ईरान ने किया हमला
कंपनी ने एक अन्य बयान में कहा कि ईरान ने खाड़ी देशों पर कई ड्रोन और मिसाइल हमले किए हैं। यह हमले अमेरिका और इजरायल के हमले में उनके सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई और इसके जवाब में ईरान ने खाड़ी देशों पर कई हमले किए। ईरान अब डेटा सेंटर्स को निशाना बना रहा है और उसने कतर और सऊदी अरब में भी डेटा सेंटर पर हमला किया है।
सर्विस शुरू होने में लग सकता है समय
अमेजन वेब सर्विसेज ने बताया कि ईरान के हमले के कारण जो सर्विस बंद हुई हैं उन्हें बहाल करने की दिशा में काम चल रहा है। हालांकि, कंपनी ने कहा है कि फिजिकल डैमेज को देखते हुए रिकवरी में लंबा समय लगने की आशंका है। कंपनी प्रभावित इलाकों में डेटा एक्सेस बहाल करने की दिशा में काम कर रही है।
यह भी पढ़ें: '100 मीटर दूर धमाका हुआ और...', PV सिंधु ने बताया दुबई में क्या-क्या हुआ
ग्राहकों को दी सलाह
कंपनी ने ग्राहकों को सलाह दी है कि युद्ध से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए उन्हें कदम उठाने चाहिए। कंपनी ने बैकअप लेने और अपने वर्कलोड को दूसरे AWS इलाकों में शिफ्ट करने की सलाह दी है। एमेजॉन वेब सर्विसेज के सेंटर्स पर हुए नुकसान के कारण यूएई में स्टॉक मार्केट बंद रहा और एयरपोर्ट पर भी लोग घंटों खड़े रहे। इसी तरह बैंकिंग सर्विस पर भी असर पड़ सकता है।