देशभर में लाखों छात्र हर साल की तरह इस साल भी 12वीं बोर्ड की परीक्षा दे रहे हैं। मार्च महीने में लगभग सभी छात्रों की बोर्ड परीक्षाएं समाप्त हो जाएंगी। 12वीं बोर्ड परीक्षा खत्म होते ही छात्रों को लंबे समय बाद थोड़ा खाली समय मिलता है। इस समय में छात्रों के पास स्किल्स सीखने और अपने आप को बेहतर बनाने के लिए कुछ समय होता है। 12वीं बोर्ड की परीक्षाओं के बाद छात्र कॉलेज में एडमिशन के लिए अप्लाई करते हैं लेकिन उसके लिए भी उन्हें बोर्ड रिजल्ट का इंतजार करना पड़ता है। कुल मिलाकर छात्रों के पास 3-4 महीने का समय होता है। ऐसे में इस समय का इस्तेमाल छात्र अपनी स्किल्स को निखारने में कर सकते हैं।
अगर इस समय का सही उपयोग किया जाए तो छात्र नई स्किल सीख सकते हैं, छोटे कोर्स कर सकते हैं और अपनी कॉलेज लाइफ शुरू होने से पहले ही कुछ जरूरी स्किल्स सीख सकते हैं जो कॉलेज में और आगे जॉब में आपके काम आएंगी। आज के समय में नौकरी लेने के लिए डिग्री ही काफी नहीं है। कंपनियां और संस्थान ऐसे युवाओं को ज्यादा पसंद करते हैं जिनके पास एकस्ट्रा स्किल्स हों। 12वीं के बाद कॉलेज शुरू होने से पहले आप अपने समय का सही इस्तेमाल करके स्किल्स सीख सकते हैं। इस समय आप अपने इंटरस्ट के अनुसार, कोई शॉर्ट टर्म कोर्स चुन सकते हैं।
यह भी पढ़ें: नौकरी की हर जानकारी एक जगह, जानिए कैसे मदद करेगा सरकारी NCS पोर्टल
इंग्लिश स्पोकन और कम्युनिकेशन स्किल
आज के दौर में अच्छी अंग्रेजी बोलना और सही तरीके से बात करना बहुत जरूरी हो गया है। जब आप कॉलेज में जाते हैं तो यह स्किल आपके बहुत काम आने वाली है। चाहे आप इंजीनियरिंग करें, मेडिकल की पढ़ाई करें या कॉमर्स और आर्ट्स में जाएं, हर जगह इंटरव्यू और प्रेजेंटेशन में कम्युनिकेशन स्किल काम आती है। 12वीं के बाद चार महीने में छात्र स्पोकन इंग्लिश का कोर्स कर सकते हैं। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और आगे कॉलेज में भी उन्हें प्रेजेंटेशन देने में आसानी होती है। इसके साथ ही आप जॉब इंटरव्यू में भी इस स्किल का इस्तेमाल कर शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं।
कंप्यूटर बेसिक और एडवांस कोर्स
डिजिटल युग में कंप्यूटर की जानकारी होना बेहद जरूरी है और बिना कंप्यूटर की नॉलेज के आपको कॉलेज लाइफ में बहुत ज्यादा परेशानी हो सकती है। अगर किसी छात्र ने अभी तक कंप्यूटर की अच्छी ट्रेनिंग नहीं ली है तो यह समय बेसिक कंप्यूटर कोर्स करने के लिए सही है। एमएस वर्ड, एक्सेल, पावरपॉइंट, इंटरनेट और ईमेल का सही उपयोग सीखना आगे पढ़ाई और नौकरी दोनों में काम आता है। इसके अलावा जो छात्र तकनीकी क्षेत्र में जाना चाहते हैं वे टैली, डाटा एंट्री, ग्राफिक डिजाइन या वेब डिजाइनिंग जैसे कोर्स भी कर सकते हैं। इन कोर्स को करके आप अपनी कॉलेज लाइफ में पार्ट टाइम काम करके पैसा भी काम सकते हैं।
डिजिटल मार्केटिंग कोर्स
आज के समय में डिजिटल मार्केटिंग तेजी से बढ़ता हुआ क्षेत्र है। सोशल मीडिया, गूगल और वेबसाइट के जरिए बिजनेस को आगे बढ़ाने का काम डिजिटल मार्केटिंग से होता है। 12वीं के बाद छात्र चार महीने का सर्टिफिकेट कोर्स कर सकते हैं। इसमें सोशल मीडिया मैनेजमेंट, सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन और ऑनलाइन एड चलाने की जानकारी दी जाती है। यह स्किल कॉलेज के दौरान पार्ट टाइम काम दिलाने में भी मदद कर सकती है। इसके लिए आपको ऑनलाइन भी काम मिल सकता है।
ग्राफिक डिजाइन और वीडियो एडिटिंग
सोशल मीडिया के दौर में कंटेंट की काफी मांग है। ग्राफिक डिजाइन और वीडियो एडिटिंग सीखकर छात्र फ्रीलांस काम भी शुरू कर सकते हैं। चार महीने में बेसिक डिजाइनिंग सॉफ्टवेयर और वीडियो एडिटिंग टूल सीखे जा सकते हैं और इसके बाद आप कॉलेज में अपनी स्किल्स को और ज्यादा इंप्रूव कर सकते हैं। इससे आगे चलकर यूट्यूब, इंस्टाग्राम या अन्य प्लेटफॉर्म पर काम करने का मौका मिल सकता है। यानी आप इन स्किल्स के जरिए अपना करियर भी बना सकते हैं।
विदेशी भाषा सीखना
अगर कोई छात्र आगे चलकर विदेश में पढ़ाई या नौकरी करना चाहता हैं तो विदेशी भाषा सीखना फायदेमंद हो सकता है। फ्रेंच, जर्मन या जापानी जैसी भाषाओं के शॉर्ट टर्म कोर्स चार महीने में शुरू किए जा सकते हैं। किसी भी विदेशी भाषा को सीखकर आप अपने करियर की शुरुआत कर सकते हैं। आपको फ्रीलांसर के रूप में भी काम मिल सकता है
क्रिएटिव राइटिंग और कंटेंट राइटिंग
अगर आपको लिखने में मजा आता है तो आप क्रिएटिव राइटिंग और कंटेंट राइटिंग में हाथ आजमा सकते हैं। आप 12वीं के बाद के कुछ महीने में अपनी इस स्किल को एक्सपलोर कर सकते हैं। आप 12वीं के बाद 3-4 महीने क्रिएटिव राइटिंग या कंटेंट राइटिंग का कोर्स करने में कर सकते हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अच्छे कंटेंट की मांग लगातार बढ़ रही है। कॉलेज के साथ साथ छात्र फ्रीलांस राइटिंग कर सकते हैं और अनुभव हासिल कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: एडमिशन में लेना है? UGC ने 32 विश्वविद्यालयों को बताया फर्जी, चेक कीजिए लिस्ट
ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स
आज कई प्रतिष्ठित संस्थान ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स उपलब्ध कराते हैं। छात्र अपनी रुचि के अनुसार कोडिंग, डेटा एनालिसिस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस या अन्य विषयों में शुरुआती कोर्स कर सकते हैं। इससे उन्हें यह समझने में मदद मिलती है कि आगे किस क्षेत्र में पढ़ाई करनी है।
समय का सही उपयोग जरूरी
12वीं के बाद का समय जीवन का महत्वपूर्ण चरण होता है। इस दौरान लिया गया सही फैसला आगे के करियर को नई दिशा दे सकता है। सिर्फ ट्रेंड देखकर कोर्स करने के बजाय यह सोचें कि आपको किस क्षेत्र में आगे बढ़ना है और उसके हिसाब से ही कोई कोर्स चुनें। चार महीने का यह समय अगर सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए तो यह भविष्य में आपके लिए बहुत काम आ सकता है।
