सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे 10वीं पास युवाओं के लिए अच्छी खबर है। इंडिया पोस्ट ने ग्रामीण डाक सेवक (GDS) ऑनलाइन एंगेजमेंट शेड्यूल-2, जुलाई 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। नोटिफिकेशन के अनुसार, इस भर्ती में 25,000 से ज्यादा पदों पर नियुक्ति होगी। इनमें ब्रांच पोस्टमास्टर (BPM), असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर (ABPM) और डाक सेवक के पद शामिल हैं। इस भर्ती से जुड़ा आधिकारिक विज्ञापन ऑफिशियल वेबसाइट indiapost.gov.in पर जारी किया गया है।
इस भर्ती की खास बात यह है कि इसके लिए 10वीं पास उम्मीदवार अप्लाई कर सकते हैं। इस भर्ती के लिए वन-टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) 31 अगस्त 2026 से 19 सितंबर 2026 तक किया जा सकेगा। नोटिफिकेशन के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 2 सितंबर से 21 सितंबर 2026 शाम 5 बजे तक चलेगी। आवेदन में सुधार के लिए 23 और 24 सितंबर 2026 को करेक्शन विंडो खुलेगी।
यह भी पढ़ें: 6 सितंबर को होनी थी CTET की परीक्षा, अचानक से स्थगित क्यों करनी पड़ी?
- नोटिफिकेशन- 27 अगस्त 2026
- ओटीआर- 31 अगस्त से 19 सितंबर 2026
- रजिस्ट्रेशन- 2 से 21 सितंबर 2026
- करेक्शन विंडो- 23-24 सितंबर 2026
कौन कर सकता है अप्लाई?
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का 10वीं पास होना जरूरी है। जरूरी योग्यताओं में 10वीं में मैथ और इंग्लिश विषय होना चाहिए। इसके अलावा संबंधित पोस्टल सर्किल यानी जिस इलाके के लिए अप्लाई कर रहे हैं वहां की स्थानीय लैंग्वेज को 10वीं तक पढ़ा होना जरूरी है। कंप्यूटर की बेसिक जानकारी और साइकिल चलाना भी आना चाहिए। इसके साथ ही उम्र 18 से 40 साल के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग को सरकारी नियमों के मुताबिक उम्र में छूट मिलेगी।
कितनी है फीस?
इस भर्ती के लिए आवेदन फीस 100 रुपये है। महिला, एससी, एसटी, पीडब्ल्यूबीडी और ट्रांसवुमन उम्मीदवारों को फीस में छूट दी गई है। फीस का भुगतान ऑनलाइन किया जा सकता है। इसकी खास बात यह है कि इस भर्ती प्रक्रिया में कोई पेपर नहीं होगा। नोटिफिकेशन में साफ लिखा है कि जीडीएस भर्ती में कोई लिखित परीक्षा या इंटरव्यू नहीं होगा। उम्मीदवारों का चयन 10वीं के नंबरों के आधार पर तैयार होने वाली मेरिट लिस्ट से होगा। शॉर्टलिस्ट होने के बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल एग्जामिनेशन होगा।
यह भी पढ़ें: 'मुझसे 6203 करोड़ के 14100 करोड़ लिए', सुभाष चंद्रा के बहाने विजय माल्या का तंज
कितनी मिलेगी सैलरी?
जीडीएस को टीआरसीए के आधार पर भुगतान किया जाता है। नोटिफिकेशन के अनुसार, बीपीएम पदों पर 12,000 से 29,380 रुपये, एबीपीएम या डाक सेवक को 10,000 से 24,470 रुपये सैलरी दी जाएगी। इसके अलावा नियमों के अनुसार, डियरनेस अलाउंस और दूसरे बेनिफिट भी मिलते हैं।
कैसे करें आवेदन?
इस भर्ती के लिए अगर आप अप्लाई करना चाहते हैं तो सबसे पहले इंडिया पोस्ट के आधिकारिक जीडीएस पोर्टल पर जाकर OTR रजिस्ट्रेशन करें। इसके बाद लॉगिन करके ऑनलाइन एप्लीकेशन भरें। 10वीं की मार्कशीट के अनुसार, नाम, जन्मतिथि, बोर्ड, पासिंग ईयर और मार्क्स भरें। इसके बाद अपनी पसंद का डिवीजन और उपलब्ध पोस्ट चुनें। ध्यान रहे कि सिलेक्शन 10वीं के नंबरों के आधार पर ही होगी इसलिए नंबर भरते समय खास ध्यान रखें। इसके बाद फोटो और सिग्नेचर अपलोड करने के बाद फॉर्म का प्रीव्यू चेक करें। जिन उम्मीदवारों पर फीस लागू है, वे 100 रुपये जमा करके फॉर्म सबमिट करें। इसके बाद फॉर्म का प्रिंट निकलवाकर रख लें।
