सरकारी नौकरी की भर्ती में आमतौर पर कटऑफ को लेकर अभ्यर्थियों के बीच काफी चर्चा रहती है। ज्यादा कटऑफ होने के कारण कई लोग भर्ती प्रक्रिया से ही बाहर हो जाते हैं लेकिन उत्तर प्रदेश में गन्ना पर्यवेक्षक भर्ती में मामला थोड़ा अलग है। इस भर्ती की मेन्स परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्टिंग में PET-2025 के स्कोर के आधार पर होगी। आमतौर पर शॉर्टलिस्टिंग में PET कटऑफ काफी ज्यादा रहती है लेकिन इस मामले में अगर किसी का एक नंबर भी है तो वह मुख्य परीक्षा में बैठ सकता है। आयोग ने इसके लिए कटऑफ नॉर्मलाइज्ड स्कोर 0.55 रखी है। 

 

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने गन्ना पर्यवेक्षक भर्ती के तहत कुल 1,182 पदों पर नियुक्ति के लिए 42,087 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए शॉर्टलिस्ट किया है। यानी इन उम्मीदवारों को अब भर्ती के अगले चरण में शामिल होने का मौका मिलेगा। आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और परिणाम के साथ कटऑफ को भी मंजूरी दे दी गई है। शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवार अब मुख्य परीक्षा की तैयार शुरू कर सकते हैं। 

 

यह भी पढ़ें: 'मुझे भगाया गया', BJP छोड़ SP में शामिल होने पर ऐसा क्यों बोले भवानी भीख शुक्ला?

 

PET-2025 के आधार पर शॉर्टलिस्ट

गन्ना पर्यवेक्षक के पदों पर भर्ती उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की ओर से की जा रही है। यह भर्ती विज्ञापन संख्या 13-परीक्षा/2026 के तहत निकाली गई है। आयोग ने PET-2025 में अभ्यर्थियों के नॉर्मलाइज्ड स्कोर के आधार पर मुख्य परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया है। यानी PET-2025 में मिले अंकों के आधार पर यह तय किया गया है कि कौन से अभ्यर्थी भर्ती की अगली परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। 

 

इस भर्ती के जरिए कुल 1,182 पदों को भरा जाएगा। इनमें सामान्य चयन के 1,000 पद और विशेष चयन के 182 पद शामिल हैं। भर्ती के लिए आवेदन की प्रक्रिया 7 जुलाई 2026 से शुरू हुई थी और उम्मीदवारों को आवेदन करने के लिए 28 जुलाई 2026 तक का समय दिया गया था। अब आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग ने मुख्य परीक्षा के लिए उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट कर लिया है। ऐसे में अभ्यर्थियों को आगे की परीक्षा से जुड़ी जानकारी और तारीखों के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर रखनी चाहिए।

0.55 कटऑफ कैसे?

आमतौर पर UPSSSC की ओर से की जाने वाली भर्ती में PET-2025 के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग होती है। इन भर्तियों में से ज्यादातर भर्तियों में कटऑफ 50 या उससे ज्यादा रहती है। ऐसे में गन्ना पर्यवेक्षक पदों के लिए 0.55 कटऑफ को लेकर अब काफी ज्यादा चर्चा हो रही है। PET-2025 के आधार पर हुई लेकपाल भर्ती के लिए कटऑफ 55.12 गई थी। इसके अलावा आबकारी सिपाही के लिए करीब 70 कटऑफ गई थी। 

गन्ना पर्यवेक्षक की तरह ही कृषि तकनीकी सहायक की कटऑफ भी काफी कम गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कृषि तकनीकी सहायक की कटऑफ 25.24 नंबर तक गई थी। अब गन्ना पर्यवेक्षक की कटऑफ सबसे कम यानी 0.55 गई है। 

 

यह भी पढ़ें: अंकिता भंडारी केस: दिल्ली से उत्तराखंड तक प्रदर्शन, राजभवन के बाहर धरना

अभी नहीं मिली नौकरी

कटऑफ स्कोर को कुछ लोग नौकरी से जोड़कर देख सकते हैं। हालांकि, यहां यह बात स्पष्ट करना जरूरी है कि यह सिर्फ PET-2025 के नंबरों के आधार पर अगले चरण के लिए की गई शॉर्टलिस्टिंग है। इस भर्ती प्रक्रिया में अभी मुख्य परीक्षा होगी और उसके बाद फाइनल कटऑफ तैयार होगी, जिसके आधार पर नियुक्ति की जाएगी।