प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पूर्व बर्धमान के कटवा विधानसभा में एक रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने तृणमूल कांग्रेस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीजेपी की रैलियों में उमड़ी भीड़ चार मई के नतीजों की झलक है, पश्चिम बंगाल बदलाव के लिए तैयार है। बर्धमान में हजारों-हजार लोगों का ये रैला, बंगाल में खेला करने वाला है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि असम, केरल और पुडुचेरी में वोट पड़ चुके हैं। वहां भारी मतदान हुआ है। बहुत बड़ी संख्या में लोग मतदान के लिए निकले हैं। महिलाओं ने बड़ी संख्या में वोट डाला है। कुछ दिन पहले हमने बिहार, महाराष्ट्र, हरियाणा में देखा है... जहां भी भारी मतदान हुआ है और महिलाएं वोट डालने निकली हैं, वहां बीजेपी-एनडीए को प्रचंड बहुमत मिला है।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु के नए 'MGR' हैं थलापति विजय? पलानीस्वामी ने गिनाई न होने की वजहें
तृणमूल कांग्रेस सरकार को निर्मम बताया
उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस की सरकार को निर्मम बताते हुए कहा कि बीजेपी कथित भ्रष्टाचार पर श्वेतपत्र जारी करेगी और हम पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। तृणमूल कांग्रेस की सरकार की नीतियों ने पश्चिम बंगाल में आलू किसानों का भविष्य बर्बाद कर दिया। पीएम ने जनता से कहा कि तृणमूल सरकार की योजनाओं को नहीं रोकेगी बीजेपी, लेकिन उसके भ्रष्टाचार और लूट का अंत करेगी।
यह भी पढ़ें: केरल में LDF बनाने जा रही सरकार? कांग्रेस कलह में उलझी; दिल्ली में हुआ दावा
आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना लागू होगी
मोदी ने कटवा रैली में कहा कि तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन ने पश्चिम बंगाल के हर नागरिक को भय के अलावा कुछ नहीं दिया। पश्चिम बंगाल में अगर बीजेपी की सरकार बनती है तो पहली कैबिनेट बैठक में आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना लागू की जाएगी। साथ ही घुसपैठियों को अपना सामान पैक करना शुरू कर देना चाहिए, उनके जाने का समय आ गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि अवैध प्रवासियों की मदद करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
