लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोमवार को केरल के अदूर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ट्रंप के दबाव में है। पीएम मोदी ने केरल दौरे पर सबरीमाला मुद्दे पर चुप्पी साधे रखी। इससे संकेत मिलता है कि बीजेपी और एलडीएफ मिलकर काम कर रहे हैं। कांग्रेस को विधानसभा चुनाव में सीपीएम और बीजेपी गठबंधन का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा, 'हम एलडीएफ के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। इसे बीजेपी का पूरा समर्थन हासिल है। एक तरफ यूडीएफ और दूसरी तरफ सीपीएम-बीजेपी का गठबंधन है।'

'एलडीएफ नेताओं पर कोई एक्शन नहीं'

राहुल गांधी ने आगे कहा कि बीजेपी यूडीएफ को सत्ता में नहीं देखना चाहती। वे जानते हैं कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी ताकत है, जो राष्ट्रीय स्तर पर उन्हें चुनौती दे सकती है। हमारी लड़ाई बीजेपी और आरएसएस के साथ वैचारिक है। मुझे 36 मामलों का सामना करना पड़ा है। लगातार 55 घंटे तक पूछताछ की गई। मगर केरल में मुख्यमंत्री और एलडीएफ नेताओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। 

 

 

 

 

यह भी पढ़ें: नेवी के जवान ने प्रेमिका को मार डाला, फ्रिज में मिले शरीर के टुकड़े, सिर गायब

पीएम मोदी सबरीमाला को भूल गए: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री अक्सर मंदिरों और धर्म के बारे में बात करते हैं, मगर सबरीमाला के मुद्दे पर उन्होंने चुप्पी साध रखी। वे सबरीमाला के बारे में बोलना भूल गए। उन्होंने भगवान अयप्पा मंदिर से जुड़े मुद्दों का कोई जिक्र नहीं किया। इससे यह साबित होता है कि बीजेपी और एलडीएफ मिलकर काम कर रहे हैं। उनके (मोदी के) लिए अगर किसी मुद्दे से वोट मिलते हैं तो वे मंदिरों के बारे में बात करेंगे। अन्यथा वे चुप्पी साधे रहेंगे। वे भूल गए कि लेफ्ट फ्रंट के नेताओं ने अयप्पा मंदिर का सोना ले लिया था और उसकी जगह पीतल लगा दिया था। यूडीएफ के सत्ता में आने के बाद मंदिर से जुड़ी अनियमितताओं के जिम्मेदारों को जवाबदेह ठहराया जाएगा।

 

 

 

'एपस्टीन फाइल्स में किन लोगों के नाम'

अपने भाषण में राहुल गांधी ने एपस्टीन फाइल्स और डोनाल्ड ट्रंप का जिक्र किया। उन्होंने कहा, 'मैंने विस्तार से बताया है कि कैसे प्रधानमंत्री डोनाल्ड ट्रंप के सामने कमजोर पड़ गए हैं। हर कोई जानता है कि अभी भी 3.5 मिलियन एपस्टीन फाइलें बंद पड़ी हैं। हर कोई जानता है कि उनमें किन लोगों के नाम हैं। डोनाल्ड ट्रंप सार्वजनिक रूप से पीएम मोदी को अपमानित करते हुए कहते हैं कि मैं जब चाहूं नरेंद्र मोदी का करियर तबाह कर सकता हूं'... वे बिल्कुल सही कह रहे हैं।' उन्होंने आगे कहा कि सच तो यह है कि नरेंद्र मोदी डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में हैं और यह बात हर कोई जानता है। ठीक इसी तरह नरेंद्र मोदी आपके मुख्यमंत्री को भी कंट्रोल करते हैं।'

 

 

 

 

यह भी पढ़ें: ईरान के यूरेनियम पर है डोनाल्ड ट्रंप की नजर, समझिए क्या है प्लान

अडानी-अंबानी के हाथों में सौंपा जा रहा देश: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि जब मैंने यह भाषण शुरू किया तो मैं माइक की तरफ देख रहा था। इस पर 'Made In China' लिखा है। इस माइक पर 'Country of origin India' या 'State of origin Kerala' क्यों नहीं लिखा? अगर हमारे पास भारत में बनी चीजें ही नहीं होंगी तो हम केरल के युवाओं के लिए रोजगार की उम्मीद कैसे कर सकते हैं? अगर केरल का भविष्य सिर्फ एक या दो कंपनियां ही तय करेंगी तो हम केरल में चीजें कैसे बना पाएंगे? आपके मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री इस देश को अडानी और अंबानी के हाथों सौंप रहे हैं।'