पश्चिम बंगाल में चुनावी जंग अब और तेज हो रही है। पहले चरण की वोटिंग में अभी 10 दिन बाकी हैं लेकिन हर दिन तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की जुबानी जंग तीखी होती जा रही है। अब केंद्रीय गृहमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने कहा है कि पश्चिम बंगाल की जनता बमों का जवाब वोट से देगी और बीजेपी की 'डबल इंजन'सरकार बनाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के दिन तृमणूल कांग्रेस के गुंडे घर पर ही रहें, वरना 4 मई के बाद उन्हें जेल भेज दिया जाएगा। अमित शाह ने यह भी कहा है कि ममता बनर्जी राज्य के बहुसंख्यक समुदाय को डराने की कोशिश कर रही हैं।

 

उन्होंने बीजेपी के चुनावी वादे दोहराते हुए यह भी कहा है कि राज्य में बीजेपी की सरकार बनने के बाद महिलाएं सुरक्षित होंगी और कमीशनबाजी बंद होगी। अमित शाह का यह भी कहना है कि पूरा बंगाल घूमने के बाद वह यह कह सकते हैं कि ममता बनर्जी की सरकार जा रही है।

 

'RG कर या संदेशखाली नहीं होगा'

 

पश्चिम बंगाल में महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए अमित शाह ने कहा, 'ममता दीदी कहती हैं कि महिलाओं को शाम के 7 बजे के बाद बाहर नहीं निकलना चाहिए। आप एक बार बीजेपी सरकार बना दीजिए, हम ऐसा बंगाल बनाएंगे, जहां रात को 1 बजे भी छोटी बच्ची स्कूटी पर निकल सकेगी। कोई संदेशखाली, आरजी कर, दुर्गापुर लॉ कॉलेज या साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज जैसी घटना नहीं होगी। हर योजना पर कटमनी और करप्शन, भर्ती, ट्रांसफर, पोस्टिंग, बालू, कोयला। यह पूरा कटमनी सिस्टम ममता बनर्जी और उनका भतीजा चलाता है। बीजेपी ने तय किया है कि 5 मई के बाद कमीशन और सिंडिकेट को बंगाल से दूर करने का काम करेंगे।'

 

यह भी पढ़ें: 'भारतीय हैं, साबित करने के लिए डालेंगे वोट', बांग्लादेशी बताए गए लोगों की कहानी

 

टीएमसी सरकार पर कमीशनबाजी का आरोप लगाते हुए अमित शाह ने कहा, 'बीजेपी के शासन में कोई राजनीतिक हिंसा नहीं होगी। टीएमसी की सरकार तीन T पर काम कर रही है- तोलेबाजी, तानाशाही और तुष्टीकरण। यहां कटमनी और तोलेबाजी बंद करनी है, सिंडिकेट को समाप्त करना है तो एक बार बीजेपी की सरकार बना दो, इन सिंडिकेट वालों को हम सीधा करेंगे।'

TMC को दी चेतावनी

 

टीएमसी को आड़े हाथ लेते हुए अमित शाह ने कहा, 'यह चुनाव राज्य और देश से घुसपैठियों को बाहर निकालने का है। निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग ने राज्य में पर्याप्त केंद्रीय बल भेजे हैं। तृणमूल कांग्रेस के गुंडे चुनाव के दिन घर पर ही रहें, अन्यथा चार मई के बाद उन्हें जेल भेज दिया जाएगा।'

 

उन्होंने आगे कहा है, 'SIR हो रहा है, घुसपैठियों के नाम निकल रहे हैं। ममता दीदी चुनाव आयोग का विरोध कर रही हैं। ममता दीदी इन घुसपैठियों को बचाना चाहती हैं।'

 

यह भी पढ़ें: 'जहां महिलाओं ने वोट किया सरकार बनी...', PM मोदी ने कहा- बंगाल में खेला होगा

UCC पर क्या बोले अमित शाह?

 

यूनिफॉर्म सिविल कोड का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा, 'बीजेपी ने तय किया है कि हम UCC लगाएंगे। UCC लगने के बाद 4 शादी करने वालों की शादियां बंद हो जाएंगी। हम सातवां वेतन आयोग हर सरकारी कर्मचारी को देंगे। बहनों के खाते में हर महीने ₹3 हजार जमा हो जाएंगे। गर्भवती माताओं को ₹21 हजार देंगे। यहां के बेरोजगार युवाओं को हम हर महीने ₹3,000 देने का काम करेंगे।'

 

उन्होंने आगे कहा, 'बंगाल में 5 मई को नई सरकार बनने वाली है। मैं पूरे बंगाल में घूमता हुआ बीरभूम आया हूं। बंगाल में 5 मई को बीजेपी की सरकार बनने वाली है। दीदी को टाटा-बाय-बाय कहने का निर्णय बंगाल की जनता ने ले लिया है।'