अक्षय कुमार और सैफ अली खान की फिल्म 'हैवान' का टीजर रिलीज हो गया है। सालों से 2 मिनट लंबा टीजर रिलीज होता आ रहा है जिसे देखकर पूरी कहानी का पता चल जाता है। वहीं, साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म 'हैवान' के टीजर में कहानी का खुलासा नहीं किया गया है। आपको सिर्फ कैरेक्टर के बारे में जानकारी दी गई है। इस वजह से दर्शक इस फिल्म को लेकर उत्सुक हैं।

 

फिल्म का टीजर महज 45 सेकेंड का है जिसके शुरुआत में सैफ अली खान की परछाई और डरावना संगीत सुनाई देता है। इसके बाद संगीत का शोर बढ़ता है और अक्षय की डरावनी परछाई दिखती है। सैफ देख नहीं सकते हैं क्योंकि वह वॉकिंग स्टिक लेकर चल रहे हैं और नेत्रहीनों के लिए बनी खास घड़ी पहने हुए हैं। एक खून से सना हाथ दिखता है और आखिर में अक्षय को खतरनाक अंदाज में चलते हुए दिखाया जाता है और फिर उनकी डरावनी हंसी सुनाई देती है।

 

यह भी पढ़ें: 'एक फिल्म साइन नहीं की', 'सिर्फ तुम' हिट होने के बाद संजय कपूर को नहीं मिला काम

सस्पेंस से भरा है 'हैवान' का टीजर

फिल्म के टीजर की खास बात है कि अक्षय और सैफ का चेहरा नहीं दिखाया गया। इसके अलावा न किसी अन्य कलाकार की झलक देखने को मिली है। टीजर देखकर लग रहा है कि अक्षय हैवान हो सकते हैं और सैफ उन्हें पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं। फिल्म का टीजर दर्शकों को पसंद आ रहा है। इस फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है। 

 

एक व्यक्ति ने लिखा, 'प्रियदर्शन और अक्षय कुमार मतलब ब्लॉकबस्टर।' दूसरे व्यक्ति ने लिखा, 'अक्षय का विलेन एरा शुरू हो गया है।' तीसरे व्यक्ति ने लिखा, 'अजनबी, रोबोट 2.0 और अब हैवान।' चौथे व्यक्ति ने लिखा, 'कोई डायलॉग नहीं फिर भी मजा आया।' वहीं कुछ लोगों का कहना है कि टीजर में कलाकारों का फर्स्ट लुक तो दिखाना चाहिए।

 

 

यह भी पढ़ें: माधुरी से लेकर अजय देवगन तक, होस्ट बन दर्शकों को एंटरटेन करेंगे ये स्टार्स

कब रिलीज होगी फिल्म?

'हैवान' में बोमन ईरानी, सैयामी खेर, श्रेया पिलगांवकर महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। इस फिल्म को केवीएन प्रोडक्शन के बैनर तले बनाया जा रहा है। यह फिल्म 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अक्षय और सैफ साथ में 22 साल बाद फिर से काम कर रहे हैं।