'कोलावेरी डी' फेम म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर और सनराइजर्स हैदराबाद की CEO काव्या मारन नवंबर में शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। दोनों के अफेयर की अफवाहें पहले Reddit पोस्ट से शुरू हुई थीं। फिर सोशल मीडिया पर कई महीनों तक चर्चा का विषय बनी रहीं। इन अफवाहों पर विराम तब लगा, जब तेलंगाना के मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से एक पोस्ट शेयर की गई। शुक्रवार शाम मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट कर बताया कि काव्या के माता-पिता मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री को शादी के रिसेप्शन में शामिल होने का न्योता दिया।

 

काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर के रिश्ते की चर्चा कई सालों से चल रही है। दोनों को लास वेगास में डिनर करते हुए देखा गया था। इसके बाद ही दोनों के अफेयर की अफवाहों को हवा मिली। अनिरुद्ध और काव्या ने खुद कभी भी सार्वजनिक रूप से अपने रिश्ते की पुष्टि नहीं की है। लेकिन CMO की तरफ से पोस्ट आने के बाद यह तय हो गया है कि दोनों जल्द ही एक-दूसरे के होने वाले हैं।

Reddit पोस्ट में क्या था?

साल 2025 के जून महीने में 'Reddit' पर एक पोस्ट की गई थी। इस पोस्ट में दावा किया गया था कि दोनों एक साल से डेट कर रहे हैं और जल्द ही शादी की योजना बना रहे हैं। पोस्ट में यह भी दावा किया गया था कि अनिरुद्ध के पिता के परिवार से रिश्तेदारी रखने वाले सुपरस्टार रजनीकांत ने इस रिश्ते को लेकर कालनिधि मारन से बातचीत की थी। दिलचस्प है कि इस पोस्ट पर अनिरुद्ध ने 'X' पर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने लिखा था, 'शादी? हाहा... शांत हो जाइए दोस्तों, कृपया अफवाहें फैलाना बंद करें।' अनिरुद्ध के इस रिएक्शन से सोशल मीडिया पर चर्चा और अधिक बढ़ गई थी।

 

अनिरुद्ध के चाचा और वरिष्ठ अभिनेता वाई. जी. महेंद्रन ने कुट्टी पद्मिनी के KPTV चैनल को दिए एक इंटरव्यू में शादी की पुष्टि की थी। जब महेंद्रन से उनके भतीजे की शादी की खबरों के बारे में सीधे सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा, 'वह बहुत ही सरल स्वभाव का लड़का है। मैं इस मौके पर उसे बधाई देना चाहता हूं। वह एक बहुत बड़ी शादी करने जा रहा है।'

 

यह भी पढ़ें: बेंगलुरु पब में IAS ने पुलिस इंस्पेक्टर को जड़ा थप्पड़, गाली दी, FIR दर्ज

कौन हैं अनिरुद्ध रविचंदर?

अनिरुद्ध रविचंदर का जन्म 16 अक्टूबर 1990 को एक फिल्मी परिवार में हुआ था। वह अभिनेता रवि राघवेंद्र के बेटे और रजनीकांत के भतीजे हैं। अनिरुद्ध रविचंदर ने फिल्मों में संगीत देने का पेशा चुना। अपनी पहली फिल्म '3' में उन्होंने एक ऐसा गाना दिया, जिसे पूरे देश में गाया गया। कई रिपोर्टों में उसे पहला वायरल गाना करार दिया गया। इसके बाद उन्होंने तमाम तमिल और तेलुगु फिल्मों में काम किया है। उन्होंने तीन फिल्मफेयर पुरस्कार, 9 SIIMA पुरस्कार, छह एडिसन पुरस्कार और पांच विजय पुरस्कार जीते हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल अनिरुद्ध रविचंदर की नेट वर्थ 60 करोड़ रुपये है।

 

यह भी पढ़ें: अपने फैंस पर ध्यान दें जूनियर NTR, हैदराबाद पुलिस कमिश्नर ने क्यों की अपील?

कौन हैं काव्या मारन?

काव्या मारन का जन्म 6 अगस्त 1992 को हुआ था। वह सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की CEO हैं। इसके साथ ही वह सन ग्रुप के कारोबारी कामकाज में भी अहम भूमिका निभाती हैं। काव्या, सन ग्रुप के प्रमुख कालनिधि मारन की बेटी हैं। सन ग्रुप के पास सन टीवी, सन पिक्चर्स, कई क्षेत्रीय टीवी चैनल और IPL की टीम सनराइजर्स हैदराबाद का मालिकाना हक है। काव्या मारन सनराइजर्स हैदराबाद का समर्थन करने के लिए हमेशा ग्राउंड पर मौजूद रहती हैं।