कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक पब में जांच करने पहुंची पुलिस के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आंध्र प्रदेश कैडर के IAS अधिकारी विकास मरमत समेत चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। यह घटना 9 अक्टूबर की देर रात कब्बन पार्क थाना क्षेत्र के कावूर पब में हुई। रात करीब डेढ़ बजे सिटी क्राइम ब्रांच (CCB) के अधिकारी पब में पहुंचे और सबसे आईडी कार्ड मांगने लगे। अधिकारी पब में आए हर व्यक्ति की उम्र जानना चाह रहे थे।
विकास मरमत आंध्र प्रदेश के कुप्पम में विशेष अधिकारी के रूप में तैनात हैं। उस रात जांच के दौरान जब पुलिस ने उनसे आईडी कार्ड मांगा तो वो भड़क गए। उन्होंने पहले जांच कर रहे पुलिसकर्मी को गाली दी और फिर एक इंस्पेक्टर को थप्पड़ मार दिया। पुलिस की FIR में उनके साथ उनके तीन दोस्त के नाम को भी दर्ज किया है।
आईडी कार्ड मांगने पर भड़का IAS
पुलिस के मुताबिक, बेंगलुरु पुलिस आयुक्त ने कब्बन पार्क और अशोक नगर इलाके में देर रात बार और रेस्तरां में संदिग्ध लोगों की जांच करने का आदेश दिया था। इस जांच की कड़ी में पुलिस की एक टीम 9 अक्टूबर को कब्बन पार्क स्थित कावूर पब में गई। पुलिस पब में आए लोगों की उम्र की पुष्टि करने के लिए उनके पहचान पत्रों की जांच कर रही थी।
यह भी पढ़ें: भरतपुर: BJP के पूर्व विधायक अंतर सिंह भड़ाना पर जानलेवा हमला, अस्पताल में मौत
बहस के बाद थप्पड़ मारने का आरोप
आईडी कार्ड मांगने के दौरान जांच कर रहे पुलिस निरीक्षक और IAS अधिकारी के बीच बहस शुरू हो गई। जब पुलिस निरीक्षक ने विकास मरमत के व्यवहार पर आपत्ति दर्ज कराई तो वह भड़क गया। FIR के मुताबिक, आरोप है कि उन्होंने निरीक्षक और उनके साथ मौजूद दूसरे पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। विकास मरमत ने एक इंस्पेक्टर को थप्पड़ जड़ दिया। सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में विकास मरमत पुलिस निरीक्षक को गाली देते नजर आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: रोहतास में बस स्टैंड पर खड़े 15 वर्षीय छात्र को मारी गोली, हालत गंभीर
सरकारी काम में बाधा डालने का मामला
पुलिस निरीक्षक की शिकायत पर चारों के खिलाफ कब्बन पार्क थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। चारों आरोपियों के खिलाफ कब्बन पार्क थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2) (जानबूझकर चोट पहुंचाना), 351(2) (आपराधिक धमकी देना), 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना), 132 (सरकारी कर्मचारी को ड्यूटी करने से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल का इस्तेमाल करना) और 3(5) (साझा मंशा) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।