करण जौहर अपनी फिल्मों के साथ-साथ अपने पॉपुलर टॉक शो 'कॉफी विद करण' के लिए भी खूब जाने जाते हैं। कॉफी विद करण का 9वां सीजन अब आने वाला है और इसको लेकर लोग काफी उत्सुक हैं। इस बीच अब दर्शकों की उत्सुकता और ज्यादा बढ़ गई है क्योंकि इस सीजन का आगाज मशहूर एक्टर सलमान खान के साथ होने वाला है। मेकर्स ने इसके पहले एपिसोड का टीजर जारी कर दिया है, जिसमें सलमान और करण के बीच दिलचस्प बातचीत की झलक देखने को मिल रही है। करीब 22 साल से दर्शकों के बीच लोकप्रिय रहे इस शो का अंतिम सीजन होने के कारण इसकी शुरुआत को खास माना जा रहा है।

 

टीजर में करण जौहर सलमान खान से कहते नजर आते हैं कि यह शो का फिनाले सीजन है, इसलिए इसमें कुछ भी हो सकता है। इस पर सलमान भी अपने खास अंदाज में जवाब देते हैं, 'कहीं भी जा सकता है।' दोनों के बीच हुई यह छोटी-सी बातचीत आने वाले एपिसोड को लेकर उत्सुकता बढ़ाती है। हालांकि, टीजर में बातचीत की केवल एक झलक दिखाई गई है। इसी झलक को देखने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस की उत्सुकता देखने को मिल रही है। 

 

यह भी पढ़ें: 'अपने आपको क्या समझता है रे तू बुढ़ऊ', अमिताभ बच्चन का ट्रोलिंग पर छलका दर्द

 

चौथे सीजन में दिखे थे सलमान

सलमान खान की इस बार की मौजूदगी इसलिए भी खास है, क्योंकि वह शो में अकेले मेहमान के तौर पर शामिल होंगे। उन्होंने ‘कॉफी विद करण’ में पहली बार चौथे सीजन के दौरान हिस्सा लिया था। इसके बाद वह पांचवें सीजन के 100वें एपिसोड में अपने भाइयों अरबाज खान और सोहेल खान के साथ नजर आए थे। अब नौवें सीजन के पहले एपिसोड में उनकी वापसी दर्शकों के लिए एक बार फिर खास मौका होगी।

क्या बातचीत हुई?

इस सीजन में सलमान खान के साथ करण जौहर के साथ क्या बातचीत हुई इसकी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। हालांकि, शो के टीजर वीडियो में पहले सलमान खान की झलक दिखाई गई और आगे एक्टर कहते दिखाई दिये, 'तो मैं आ रहा हूं करने के लिए कॉफी विद करण।' वहीं करण जौहर ने अपने प्रोमो में आगे कहा, 'हमसे मिलें 14 अक्टूबर को 'कॉफी विद करण' के आखिरी सीजन में।' उन्होंने सलमान खान से आगे पूछा, 'ये कहीं भी जा सकता है, है ना?' इसपर सलमान खान ने जवाब दिया, 'कहीं भी जा सकता है, ये तो गया है।'

आखिरी सीजन

करण जौहर ने सितंबर 2026 के आखिर में भावुक वीडियो शेयर कर घोषणा की थी कि ‘कॉफी विद करण’ का नौवां सीजन इस शो का आखिरी सीजन होगा। इस दौरान उन्होंने शो की शुरुआत से जुड़ी यादें भी शेयर की थीं। साल 2004 में शुरू हुए इस सेलिब्रिटी चैट शो में फिल्मी सितारों ने अपनी निजी जिंदगी, करियर और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई मुद्दों पर बातचीत की है। इतने लंबे समय तक दर्शकों के बीच अपनी पहचान बनाए रखने के बाद अब यह शो अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है।

 

यह भी पढ़ें: 'मेरे पास कहानी है', एकता कपूर ने 'द डर्टी पिक्चर 2' का किया ऐलान

कहां देख सकते हैं शो?

‘कॉफी विद करण’ के नौवें सीजन का प्रीमियर 14 अक्टूबर 2026 को जियोहॉटस्टार पर होने वाला है। सलमान खान के साथ शुरुआत और करण जौहर की शो को अलविदा कहने की घोषणा ने नए सीजन को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा दी है। फिलहाल, सामने आए टीजर में सलमान और करण की बातचीत ही दिखाई गई है। ऐसे में शो के अंतिम सीजन में कौन-कौन से सितारे नजर आएंगे और आखिरी एपिसोड किस तरह खास होगा, इसे लेकर दर्शकों में उत्सुकता देखने को मिल रही है।