फिल्म अभिनेत्री स्वरा भास्कर के फिल्म ‘पद्मावत’ के जौहर सीन पर दिए बयान को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। अब बिहार की अलीनगर सीट से बीजेपी विधायक और लोक गायिका मैथिली ठाकुर ने स्वरा भास्कर के बयान पर नाराजगी जताई है। शुक्रवार 4 सितंबर को रायपुर में मीडिया से बात करते हुए मैथिली ठाकुर ने स्वरा के बयान को गलत बताया और कहा कि अगर किसी विषय की पूरी जानकारी नहीं है तो उस पर बोलने से पहले उसे समझना चाहिए।

 

मैथिली ठाकुर ने कहा कि स्वरा ने जिस तरह से इस मुद्दे पर बात की वह उन्हें ठीक नहीं लगा। उन्होंने कहा कि अगर किसी को इस विषय की सही जानकारी नहीं है तो उसे इस पर बोलना नहीं चाहिए। मैथिली ने यह भी कहा कि स्वरा को पहले इस बारे में पूरी पढ़ाई करनी चाहिए और इतिहास को समझने के बाद ही अपनी बात रखनी चाहिए।

 

यह भी पढ़ें: 'लोगों को पतली लड़कियां पसंद...', रिताभरी चक्रवर्ती का छलका दर्द

 

क्या था स्वरा भास्कर का बयान?

दरअसल 31 अगस्त को दिल्ली में हुए एक कार्यक्रम में स्वरा भास्कर से फिल्म ‘पद्मावत’ को लेकर उनके पुराने खुले खत के बारे में पूछा गया था। इस दौरान उन्होंने फिल्म के आखिरी जौहर सीन पर अपनी नाराजगी जताई। स्वरा ने कहा था कि अगर कोई महिला रेप की शिकार हो और वह इस तरह का सीन देखे तो उसे इससे गलत संदेश मिल सकता है। उनका सवाल था कि क्या ऐसी महिला को अपनी जान बचाकर जिंदा रहने के बजाय सम्मान के लिए जान दे देनी चाहिए।

 

स्वरा का यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद उन पर रानी पद्मावती और जौहर करने वाली महिलाओं को कायर कहने का आरोप लगाया गया। आरोप लगने पर स्वरा ने वीडियो जारी कर सफाई दी। स्वरा ने कहा कि उन्होंने रानी पद्मावती या जौहर करने वाली महिलाओं को कायर नहीं कहा था। उनके बयान का मतलब फिल्म में दिखाए गए सीन और उससे मिलने वाले संदेश पर सवाल उठाना था।

 

यह भी पढ़ें: स्वरा भास्कर ने ‘पद्मावत’ के जौहर सीन पर उठाए सवाल, बोलीं- परेशान करने वाला था

 

स्वरा के बयान पर इससे पहले भी कई लोगों ने प्रतिक्रिया दी है। ‘पद्मावत’ के लेखक प्रकाश कपाड़िया ने भी जौहर वाले सीन का बचाव किया। उन्होंने कहा कि फिल्म में उस समय की ऐतिहासिक स्थिति को दिखाने की कोशिश की गई थी। इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।